गौशाला में समाजसेवी बालकृष्ण गोल्यान का जन्मदिन श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मनाया

सांवलिया सेठ की आरती कर लगाया विशेष भोग, गोमाता का तिलक कर लिया आशीर्वाद

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

हनुमानगढ़ । हिमांशु मिढ्ढा
टाउन की बरकत कॉलोनी स्थित फाटक गौशाला के श्री सांवलिया सेठ मंदिर प्रांगण में समाजसेवी एवं वीएम शिक्षण समिति के अध्यक्ष बालकृष्ण गोल्यान का जन्मदिन अत्यंत हर्षोल्लास, श्रद्धा एवं धार्मिक वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर श्री सांवलिया सेठ की आरती की गई तथा भगवान को विशेष भोग अर्पित किया गया। इसके पश्चात गोमाता का विधिवत तिलक कर उनके चरणों में पुष्प अर्पित किए गए और सभी ने गोमाता का आशीर्वाद प्राप्त किया। आयोजन के दौरान भक्ति संगीत एवं मंत्रोच्चारण से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। धार्मिक आयोजन का संचालन पंडित रामप्रकाश शर्मा ने किया। उन्होंने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना संपन्न करवाई तथा मंत्रोच्चारण के साथ उपस्थित श्रद्धालुओं को आशीर्वचन प्रदान किए। फाटक गौशाला संस्थान के अध्यक्ष मुरलीधर अग्रवाल ने बताया कि गौशाला में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने जन्मदिन, शादी की वर्षगांठ एवं अन्य मांगलिक अवसरों पर पहुंचकर गोमाता की सेवा करते हैं और उनका आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। उन्होंने कहा कि गौशाला में गौसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। यहां एक्सीडेंटल, बीमार एवं असहाय गोवंश की विशेष देखभाल की जाती है तथा उनके उपचार एवं सेवा की संपूर्ण व्यवस्था जनसहयोग से की जाती है। अपने जन्मदिन के अवसर पर बालकृष्ण गोल्यान ने श्री सांवलिया सेठ के समक्ष विशेष प्रार्थना कर सभी के सुख-समृद्धि एवं गौवंश के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए बीमार गोवंश की दवाइयों के लिये 11000 रुपये का सहयोग किया । इस अवसर पर बालकृष्ण गोल्यान के परिवार से माता जी सरस्वती देवी,पत्नी सुमन देवी, पुत्र तन्मय सहित नरोत्तम सिंगला, सरला देवी गर्ग, रुचि गर्ग सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने बालकृष्ण गोल्यान को केक खिलाकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।कार्यक्रम में श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक सेवा का सुंदर समन्वय देखने को मिला। गोसेवा एवं धार्मिक आस्था से जुड़े इस आयोजन ने उपस्थित सभी लोगों को सेवा और संस्कार का संदेश दिया और कार्यक्रम को यादगार बना दिया।