अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत ने कहा— जागरूकता ही महिला सुरक्षा की सबसे बड़ी ताकत


ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE
झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
महिलाओं की सुरक्षा, आत्मविश्वास और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से स्थानीय गणपति नगर स्थित न्यू राजस्थान बालिका पी.जी. महाविद्यालय में बुधवार को पुलिस विभाग, झुंझुनूं तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की दोनों इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में “महिला सुरक्षा एवं महिला जागरूकता” विषय पर ऑनलाइन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को आधुनिक सुरक्षा उपायों, साइबर अपराधों से बचाव तथा महिला अधिकारों से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनों की विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम का आयोजन अमित (हेड कांस्टेबल, थाना कोतवाली, झुंझुनूं) एवं महिला कांस्टेबल मंजू की देखरेख में किया गया। 22 जुलाई 2026 को प्रातः 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित इस ऑनलाइन संवाद में झुंझुनूं के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत ने छात्राओं से सीधे संवाद करते हुए उन्हें सुरक्षा के प्रति सजग रहने और कानून द्वारा प्रदत्त अधिकारों का निर्भीक होकर उपयोग करने का संदेश दिया। अपने संबोधन में राजावत ने छात्राओं को राजकॉप ऐप, पोक्सो ई-बॉक्स, नवीन न्याय संहिता, वन स्टॉप क्राइसिस सेंटर, गुड टच-बैड टच, पोक्सो एक्ट, महिला गरिमा हेल्पलाइन-1090, साइबर हेल्पलाइन-1930, साइबर सुरक्षा के दौरान क्या करें और क्या न करें, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट, महिला शक्ति आत्मरक्षा प्रशिक्षण योजना, महिला बीट अधिकारी योजना, सेल्फ डिफेंस तथा महिलाओं से संबंधित विभिन्न कानूनी प्रावधानों और महिला अपराधों में निर्धारित सजा के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समय पर शिकायत करना, डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सतर्क रहना और हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करना महिलाओं की सुरक्षा का महत्वपूर्ण आधार है। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सुमन जानू ने छात्राओं से कहा कि सुरक्षा संबंधी यह जानकारी केवल पढ़ाई तक सीमित न रहे, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन में भी अपनाएं। उन्होंने कहा कि जागरूक छात्राएं ही सुरक्षित समाज की मजबूत नींव बनती हैं और प्रत्येक छात्रा का अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति सजग होना आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों और कानूनी प्रक्रियाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की तथा विशेषज्ञों के सुझावों को गंभीरता से सुना। अंत में छात्राओं से महिला सुरक्षा संबंधी संदेश को समाज के अन्य वर्गों तक भी पहुंचाने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ, एनएसएस की दोनों इकाइयों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। महिला सशक्तिकरण और सुरक्षित समाज की दिशा में यह जागरूकता संवाद एक प्रभावी एवं प्रेरणादायी पहल साबित हुआ।
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE
रोड पर स्टंट किया तो अब होगा मुकदमा | युवक गिरफ्तार, बाइक जब्त | CI गौरव खिड़िया की चेतावनी










