राजस्थानी सिनेमा के इतिहास, वर्तमान और भविष्य पर होगा मंथन, फिल्म जगत की विभूतियों का होगा सम्मान
चूरू। राजस्थान रॉयलवुड फिल्म इंडस्ट्री की ओर से 17 जुलाई को जयपुर में 85वें राजस्थानी फिल्म दिवस का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर राजस्थानी सिनेमा के गौरवशाली इतिहास का उत्सव मनाने के साथ-साथ इसके विकास, वर्तमान स्थिति और भविष्य की संभावनाओं पर व्यापक चर्चा की जाएगी।राजस्थान रॉयलवुड फिल्म इंडस्ट्री परिवार के राज जांगिड़ ने बताया कि राजस्थानी माटी की खुशबू, अपनायत और समृद्ध संस्कृति को सिनेमा के माध्यम से जीवंत रखने वाले राजस्थानी फिल्म जगत के इस ऐतिहासिक पड़ाव को बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाया जा रहा है। समारोह शुक्रवार, 17 जुलाई 2026 को जयपुर स्थित होटल आंगन (एमआई रोड) में दोपहर 2 बजे से आयोजित होगा।उन्होंने बताया कि “जय राजस्थान, जय-जय राजस्थानी सिनेमा” के मूल मंत्र के साथ आयोजित होने वाला यह समारोह राजस्थानी कला, संस्कृति और क्षेत्रीय सिनेमा की समृद्ध विरासत को समर्पित रहेगा।आयोजन समिति के श्रवण सागर, लखविंदर सिंह और एन.के. मित्तल ने बताया कि समारोह में फिल्म जगत की कई नामचीन हस्तियां, कलाकार, निर्माता-निर्देशक और सिनेमा प्रेमी एक मंच पर जुटेंगे। इस दौरान राजस्थानी सिनेमा के विकास, वर्तमान चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही, राजस्थानी फिल्मों के विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कलाकारों और फिल्मकारों का स्वागत, अभिनंदन एवं सम्मान भी किया जाएगा।आयोजकों ने प्रदेशभर के सिनेमा प्रेमियों, कला एवं संस्कृति के संरक्षकों तथा प्रबुद्धजनों से समारोह में शामिल होकर राजस्थानी सिनेमा के इस गौरवपूर्ण अवसर के साक्षी बनने का आह्वान किया है। राजस्थान रॉयलवुड फिल्म इंडस्ट्री परिवार के अनुसार आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।













