ज्योतिबा फुले सर्किल से CLC चौक तक होगा विरोध मार्च, छात्रों से संवाद कर शिक्षा व्यवस्था में सुधार की उठाएंगे मांग
सीकर। राहुल टांक
कोकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपंके 17 जुलाई को सीकर दौरे पर आएंगे। पार्टी के अनुसार उनका दौरा शिक्षा, युवाओं और नीट पेपर लीक जैसे मुद्दों पर केंद्रित रहेगा। इस दौरान वे शहर में प्रदर्शन रैली निकालेंगे तथा विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुनेंगे।पार्टी कार्यकर्ताओं ने बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में कार्यक्रम की जानकारी दी। CJP कार्यकर्ता मुकेश ऑलराउंडर ने बताया कि पार्टी 6 जून से दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही है। इसके अलावा दिल्ली, लखनऊ, पुणे, हैदराबाद और जयपुर सहित कई शहरों में भी आंदोलन आयोजित किए जा चुके हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक मामले में अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उनका कहना था कि परीक्षा की तैयारी में वर्षों की मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों का मनोबल पेपर लीक जैसी घटनाओं से टूटता है और यह केवल परीक्षा नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य से जुड़ा गंभीर मुद्दा है।मुकेश ऑलराउंडर ने यह भी कहा कि सामाजिक कार्यकर्ता एवं वैज्ञानिक सोनम वांगचुक शिक्षा और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर भूख हड़ताल पर हैं। उनके अनुसार, सीकर की पहचान शिक्षा नगरी के रूप में है और नीट पेपर लीक प्रकरण से शहर की छवि भी प्रभावित हुई है। इसी कारण अभिजीत दीपंके यहां आकर विद्यार्थियों से संवाद करेंगे और आंदोलन को समर्थन देंगे।पार्टी के कार्यक्रम के अनुसार 17 जुलाई को ज्योतिबा फुले सर्किल (पिपराली सर्किल) से CLC चौक तक विरोध मार्च निकाला जाएगा। इस दौरान छात्र-युवा शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, पेपर लीक मामलों में सख्त कार्रवाई तथा परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग करेंगे। पार्टी ने 20 जुलाई को दिल्ली में संसद घेराव करने की भी घोषणा की है।प्रेस वार्ता के दौरान मुकेश ऑलराउंडर ने केंद्र और राज्य सरकार की शिक्षा संबंधी नीतियों की आलोचना करते हुए विभिन्न राजनीतिक टिप्पणियां भी कीं। ये उनके और उनकी पार्टी के आरोप एवं विचार हैं, जिन पर संबंधित पक्ष की प्रतिक्रिया समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सकी।

















