एसीबी स्थापना दिवस पर भ्रष्टाचार के खिलाफ जनभागीदारी पर जोर

एएसपी महावीर प्रसाद शर्मा बोले— आमजन की सक्रिय सहभागिता से ही भ्रष्टाचार पर लगेगा प्रभावी अंकुश

चूरू। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) के स्थापना दिवस के अवसर पर बुधवार को चूरू स्थित एसीबी कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एसीबी) महावीर प्रसाद शर्मा ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रभावी लड़ाई केवल कानून के सहारे नहीं, बल्कि आमजन की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है।उन्होंने कहा कि ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा देना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। भ्रष्टाचार समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे बड़ी बाधाओं में से एक है, इसलिए प्रत्येक नागरिक को इसके विरुद्ध जागरूक होकर आगे आना चाहिए।एएसपी शर्मा ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों की सूचना निर्भीक होकर एसीबी को दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है तथा प्रत्येक शिकायत पर नियमानुसार निष्पक्ष कार्रवाई की जाती है।उन्होंने कहा कि एसीबी का उद्देश्य केवल भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि समाज में भ्रष्टाचार के प्रति जागरूकता बढ़ाना और ईमानदारी की भावना को मजबूत करना भी है। विभाग ट्रैप कार्रवाई, सत्यापन और जनजागरूकता अभियानों के माध्यम से भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है।कार्यक्रम के दौरान विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भ्रष्टाचार मुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया। एएसपी महावीर प्रसाद शर्मा ने सभी नागरिकों से स्वच्छ, पारदर्शी और जवाबदेह व्यवस्था के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।इस अवसर पर पूर्व एएसपी अय्यूब खान, विभागीय अधिकारी, कर्मचारी तथा शहर के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।