गुढ़ागौड़जी में दिल दहला देने वाला हादसा, होटल से खाना खाकर निकले दोनों युवकों की मौके पर मौत; पुलिस ने कार जब्त कर शुरू की तलाश
गुढ़ागौड़जी । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
जिले के गुढ़ागौड़जी थाना क्षेत्र में मंगलवार रात तेज रफ्तार और लापरवाही का ऐसा खौफनाक मंजर सामने आया, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। एक बेकाबू स्विफ्ट कार ने स्कूटी सवार दो दोस्तों को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद भी चालक नहीं रूका। स्कूटी कार के अगले हिस्से में फंस गई, लेकिन चालक उसे करीब दो किलोमीटर तक घसीटता रहा। अंततः दूडीया गांव के पास कार का टायर फटने पर वाहन रूका, जिसके बाद चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार हादसे में संत कुमार सैनी (35) निवासी किशोरपुरा और जावेद (41) निवासी इस्लामपुर की मौके पर ही मौत हो गई। संत कुमार एक होटल में कार्यरत था, जबकि जावेद मजदूरी करता था। दोनों मंगलवार रात एक होटल पर भोजन करने के बाद स्कूटी से झुंझुनूं की ओर रवाना हुए थे। होटल से महज 100 मीटर की दूरी पर सामने से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक स्कूटी से उछलकर सड़क पर जा गिरे, जबकि स्कूटी कार के अगले हिस्से में फंस गई। इसके बावजूद चालक ने वाहन नहीं रोका और तेज गति से स्कूटी को घसीटता हुआ आगे बढ़ता रहा। करीब दो किलोमीटर दूर दूडीया गांव के समीप कार का टायर फटने पर वाहन रुक गया। मौके का फायदा उठाकर चालक कार छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही गुढ़ागौड़जी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और निजी एंबुलेंस की सहायता से दोनों शवों को गुढ़ागौड़जी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मॉर्च्यूरी में रखवाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्विफ्ट कार को जब्त कर लिया है तथा फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे से मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस का कहना है कि वाहन के आधार पर चालक की पहचान की जा रही है ।











