Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं तिरंगे में लिपटा लौटा वीर सपूत: सैन्य सम्मान के साथ पंचतत्व में...

तिरंगे में लिपटा लौटा वीर सपूत: सैन्य सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन हुए नौसेना के जवान कुलदीप दिवाच

घरडू की ढाणी में उमड़ा जनसैलाब, 18 माह की बेटी की मासूम निगाहों ने हर आंख कर दी नम

सूरजगढ़ । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
देश की सेवा करते हुए हादसे का शिकार हुए भारतीय नौसेना के जवान कुलदीप दिवाच को शुक्रवार को उनके पैतृक गांव घरडू की ढाणी में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। तिरंगे में लिपटी वीर सपूत की पार्थिव देह जैसे ही गांव पहुंची, पूरा क्षेत्र “भारत माता की जय” और “कुलदीप दिवाच अमर रहें” के नारों से गूंज उठा। हजारों ग्रामीणों, पूर्व सैनिकों, जनप्रतिनिधियों और युवाओं ने नम आंखों से अपने लाल को अंतिम सलामी दी। सूरजगढ़ से घरडू की ढाणी तक निकाली गई तिरंगा यात्रा में जनसैलाब उमड़ पड़ा। हर हाथ तिरंगा थामे और हर आंख नम थी। पार्थिव देह घर पहुंचते ही मां सुभीता, पत्नी संगीता और अन्य परिजनों का विलाप देखकर माहौल बेहद गमगीन हो गया। सबसे मार्मिक दृश्य तब देखने को मिला, जब 18 माह की मासूम बेटी हर्षिता अपने पिता को अंतिम बार निहारती रही। इस भावुक पल ने वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम कर दीं। भारतीय नौसेना की मुंबई और दिल्ली से पहुंची टुकड़ी ने वीर जवान को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। सैन्य परंपराओं के अनुरूप अंतिम सलामी के साथ कुलदीप दिवाच को पंचतत्व में विलीन किया गया। पूरे गांव ने गर्व और गम के बीच अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई दी।

संघर्षों में पला बेटा, देश पर कर गया सर्वस्व न्यौछावर

कुलदीप दिवाच 10 अगस्त 2018 को भारतीय नौसेना में भर्ती हुए थे और भारतीय नौसेना के बटालियन हवाई जत्था-330, नौसेना पोत शिकरा में लीडिंग एयरक्राफ्ट ऑर्डिनेंस मैकेनिक के पद पर कार्यरत थे। पिता सुभाष चंद्र के असामयिक निधन के बाद मां सुभीता, जो आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं, ने कठिन परिस्थितियों में दोनों बेटों का पालन-पोषण किया। बड़ा भाई प्रदीप वर्तमान में भारतीय वायुसेना में देश की सेवा कर रहे हैं। एक ही परिवार के दो बेटों ने मातृभूमि की रक्षा का संकल्प लिया, लेकिन नियति ने कुलदीप को हमेशा के लिए अपनों से दूर कर दिया। उनकी 18 माह की बेटी हर्षिता अब पिता के स्नेह से वंचित हो गई है।

ड्यूटी पर जाते समय हुआ हादसा, चार दिन तक लड़ी जिंदगी की जंग

बताया गया कि 6 जुलाई को मुंबई में ड्यूटी पर जाते समय आए तेज अंधड़ के दौरान पेड़ की एक भारी डाल कुलदीप दिवाच के ऊपर गिर गई। गंभीर रूप से घायल जवान को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्होंने करीब 96 घंटे तक जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष किया। आखिरकार 9 जुलाई को उन्होंने अंतिम सांस ली और देश ने अपना एक वीर सपूत खो दिया। अंतिम संस्कार में पूर्व सांसद संतोष अहलावत, विधायक श्रवण कुमार, विधायक पितराम काला, भाजपा नेता राजेश दहिया, निवर्तमान प्रधान बलवान सिंह, सरपंच अमीलाल भड़िया, पूर्व सरपंच बानवीर भड़िया, पंचायत समिति सदस्य सोमवीर लांबा, छैलूराम भड़िया, राजेश गोदारा, नवोदय विद्यालय के प्राचार्य संजय यादव, सैनिक कल्याण अधिकारी सुरेश जांगिड़, डीवाईएसपी विकास धींधवाल, थानाधिकारी रणजीत सेवदा, लेफ्टिनेंट कमांडर रजत तोमर, एमसीपीओजीआई प्रशांत यादव तथा एमसीईएए जी.एस. बिष्ट सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों ने पुष्पचक्र अर्पित कर वीर जवान को श्रद्धांजलि दी तथा शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। देश की रक्षा करते हुए अपने कर्तव्य पथ पर अडिग रहने वाले वीर जवान कुलदीप दिवाच की शहादत ने पूरे शेखावाटी क्षेत्र को गर्व के साथ गहरे शोक में डुबो दिया। उनका बलिदान सदैव देशवासियों को राष्ट्रसेवा और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता रहेगा।

Advertisement