बबाई में गौशाला की दीवार तोड़ने पर ग्रामीणों में आक्रोश, विरोध प्रदर्शन कर थानाधिकारी को ज्ञापन देकर की कार्रवाई की मांग

खेतड़ी । झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
खेतड़ी उपखंड के बबाई गांव में गौशाला की जमीन से जुड़ा विवाद शनिवार को तूल पकड़ गया। इस दौरान ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन कर थानाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने गौशाला की दिवार तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप कि कुछ भू-माफियाओं ने गौशाला की दीवार तोड़कर वहां से रास्ता निकाल लिया और बाद में रातों रात गौशाला की ओर नई दीवार खड़ी कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में गौ रक्षक एवं ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। गौ रक्षक दल के अध्यक्ष गगन खटाना के नेतृत्व में ग्रामीणों और गौ सेवकों ने विरोध प्रदर्शन कर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि गौशाला की भूमि पर अतिक्रमण करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मौके पर मौजूद लोगों ने प्रशासन से मांग की कि गौशाला की ओर बनाई गई दीवार को हटाकर भूमि को पूर्व स्थिति में बहाल किया जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे सड़क जाम कर बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि गौशाला की भूमि और गौधन की सुरक्षा के लिए वे लगातार संघर्ष करते रहेंगे। प्रशासनिक अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप कर उचित कार्रवाई करने की मांग की गई है। घटना की सूचना पर थानाधिकारी राजपाल सिंह मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का मौका मुआयना किया। इस दौरान ग्रामीणों ने थानाधिकारी को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की। थानाधिकारी ने बताया कि ग्रामीणों की ओर से दिए ज्ञापन पर मामले की जानकारी जुटाई जा रही है तथा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर पिंकू गुर्जर, बादशाह खेतड़ी, सचिन, विशाल कुमार, गजराज सिराधना, मिठू सिराधना, घनश्याम गुर्जर, रोहिताश तिवारी, पवन कुमार, प्रदीप कुमार, सुरेश सैनी, सुनील कुमार, नरोत्तम, अक्षय सोनी, रमेश स्वामी, नरेश खटाणा सहित अनेक लोग मौजूद रहें ॥