खेतड़ी ।झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
सिंघान नगर पालिका में चरमराई सफाई व्यवस्था और जलभराव की गंभीर समस्या को लेकर स्थानीय व्यापारियों और आमजन का गुस्सा फूट पड़ा है। लंबे समय से प्रशासन की कथित अनदेखी से परेशान व्यापारियों ने अब आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। ग्रामीणों ने सामाजिक कार्यकर्ता डी पी सैनी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल नगर पालिका कार्यालय पहुंचा और अधिशाषी अधिकारी जे के गोयल को ज्ञापन देकर सात दिन में समाधान करने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस थाना सिंघाना के सामने से लेकर सिंघाना बाईपास एवं खेतड़ी रोड की तरफ जाने वाले बड़े नाले की लंबे समय से नियमित सफाई नहीं हुई है। इसका नतीजा यह है कि हल्की सी बरसात होते ही मुख्य सड़क दरिया बन जाती है। चारों तरफ कचरे और गंदगी के ढ़ेर लगे हुए हैं, जिससे स्थानीय दुकानदारों का व्यापार पूरी तरह ठप हो गया है। सड़कों पर जमा बदबूदार पानी और नाले की गंदगी के कारण आम जनता और राहगीरों का पैदल निकलना भी दूभर हो चुका है। व्यापारियों ने आक्रोश जताते हुए कहा कि इस भयंकर गंदगी के चलते क्षेत्र में कभी भी कोई बड़ी महामारी फैल सकती है, लेकिन नगर पालिका प्रशासन इस गंभीर समस्या को लेकर उदासीन बना हुआ है। ज्ञापन के माध्यम से नगर पालिका प्रशासन को चेतावनी देते हुए सात दिन का अल्टीमेटम दिया गया है। यदि आगामी सात दिनों में नाले की सफाई व्यवस्था दुरूस्त कर जलभराव की समस्या का स्थाई समाधान नहीं किया गया, तो समस्त व्यापारी वर्ग और आमजन नगर पालिका कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने को मजबूर होंगे। इस मौके पर सुरेंद्र गुर्जर, बाबुलाल कालोडिया, लालचन्द्र सैनी, सियाराम शर्मा, राजेश मीणा, विशाल गुर्जर, सुनील, आकाश सैनी, हिमांशु, प्रकाश, अजीत जांगिड़, नवीन, दीपक सैनी, राजू गराटी, रणजीत, राधेश्याम शर्मा, मुकेश कुमार, विक्रम सैनी, सज्जन गोयल, देवीसिंह भाटी, बजरंग कुमार, मनोज भार्गव, राकेश, मुकेश, जगमाल सिंह, प्रवीण, मुकेश सैनी, दीपचंद कुमार सैन, सुमित जांगिड़, रामकिशन, विनोद कुमार, मोहम्मद मुमताज, सतीश कुमार, रविकुमार, सीताराम, सुनील यादव सहित अनेक लोग मौजूद रहें I










