Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं बाल श्रम और बाल तस्करी के खिलाफ झुंझुनूं पुलिस का बड़ा अभियान...

बाल श्रम और बाल तस्करी के खिलाफ झुंझुनूं पुलिस का बड़ा अभियान ‘उमंग-VII’ शुरू

होटल, ढाबों, फैक्ट्रियों और रेलवे स्टेशनों पर चलेगा विशेष निरीक्षण अभियान, जागरूकता पोस्टर का विमोचन

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
बाल श्रम, बंधुआ मजदूरी और मानव दुर्व्यापार (बाल तस्करी) जैसी गंभीर सामाजिक बुराइयों के उन्मूलन के लिए झुंझुनूं जिले में विशेष अभियान ‘उमंग-VII’ के तहत व्यापक स्तर पर कार्रवाई की जाएगी। अभियान के प्रभावी संचालन को लेकर शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन झुंझुनूं के सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में पुलिस विभाग के अलावा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, बाल संरक्षण इकाई, बाल अधिकारिता विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, श्रम विभाग, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा राजस्थान महिला कल्याण मंडल के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान बाल श्रम, बंधुआ मजदूरी एवं बाल तस्करी की रोकथाम के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वित कार्रवाई की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत ने कहा कि बच्चों का शोषण किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है। इसके लिए होटल, ढाबों, फैक्ट्रियों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन तथा अन्य संभावित स्थानों पर नियमित निरीक्षण किए जाएंगे। अभियान के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में पाए जाने वाले बच्चों का तत्काल रेस्क्यू कर उन्हें आवश्यक कानूनी संरक्षण उपलब्ध कराने के साथ-साथ पुनर्वास की प्रभावी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में विभिन्न विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनजागरूकता गतिविधियों को तेज करने के निर्देश दिए गए, ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग तक बाल अधिकारों की जानकारी पहुंचे और बाल श्रम तथा बाल तस्करी जैसी कुरीतियों के खिलाफ जनभागीदारी सुनिश्चित हो सके। बैठक के उपरांत विशेष अभियान ‘उमंग-VII’ के जागरूकता पोस्टर का विमोचन किया गया। पोस्टर के माध्यम से बाल श्रम, बंधुआ मजदूरी और बाल तस्करी के विरुद्ध जागरूकता का संदेश दिया गया। अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि यदि कहीं भी बाल श्रम, बंधुआ मजदूरी या बाल तस्करी से जुड़ा कोई मामला दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 अथवा पुलिस हेल्पलाइन 112 पर दें। बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों और प्रतिनिधियों ने बच्चों के अधिकारों की रक्षा, उनके सुरक्षित भविष्य तथा बाल श्रम एवं बाल तस्करी मुक्त समाज के निर्माण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। जिला पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जून माह भर चलने वाले इस विशेष अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Advertisement