सीईआईआर पोर्टल अभियान में मिली बड़ी सफलता, एएसपी ने प्रेस वार्ता कर दी जानकारी
चूरू। जिला पुलिस ने चोरी और गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए गए विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 100 मोबाइल फोन रिकवर किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 30 लाख रूपये आंकी गई है। इस संबंध में शुक्रवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सुनील कुमार ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी।एएसपी सुनील कुमार ने बताया कि सीईआईआर (CEIR) पोर्टल के माध्यम से गुमशुदा और चोरी हुए मोबाइल फोन को ट्रेस करने के लिए 15 मई से 31 मई 2026 तक विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान साइबर सेल और जिले के सभी पुलिस थानों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन बरामद किए। इनमें एप्पल और सैमसंग सहित कई प्रमुख ब्रांडों के मोबाइल शामिल हैं।पुलिस के अनुसार कोतवाली चूरू थाना क्षेत्र से 10, सदर चूरू से 2, राजगढ़ से 12, सरदारशहर से 14, सुजानगढ़ से 9 सहित जिले के विभिन्न थानों से कुल 100 मोबाइल फोन रिकवर किए गए हैं।एएसपी ने बताया कि अन्य राज्यों में संचालित हो रहे मोबाइल हैंडसेट को भी साइबर टीम की मदद से ट्रेस किया जा रहा है। बरामद किए गए मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किए जाएंगे।इस अभियान में साइबर सेल प्रभारी भागीरथ सहित टीम के सुरेंद्र, धर्मवीर, रमाकांत, सत्यवान, सुनील कुमार, प्रशिक्षु अनिल कुमार एवं महिला कांस्टेबल मनीता की महत्वपूर्ण भूमिका रही।पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने की स्थिति में तत्काल सीईआईआर पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाएं, ताकि मोबाइल को ट्रेस कर जल्द बरामद किया जा सके।












