लूट की नीयत से की थी युवक की हत्या, 3 माह बाद पुलिस ने आरोपी को दबोचा

पचेरी कलां थाना पुलिस की बड़ी सफलता, प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार हुआ आरोपी राजेश कुमार

पचेरी कलां I झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
पचेरी कलां थाना पुलिस ने एक अंधी हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस जांच में सामने आया कि युवक की हत्या लूट की नीयत से की गई थी। मामले में आरोपी राजेश कुमार को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर आगे की पूछताछ की जा रही है। जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत तथा वृताधिकारी बुहाना नोपाराम भाकर के सुपरविजन में पचेरी कलां थानाधिकारी बनवारीलाल के नेतृत्व में गठित टीम ने इस महत्वपूर्ण कार्रवाई को अंजाम दिया।पुलिस के अनुसार 22 अप्रैल 2026 को सहड़ निवासी कृष्ण कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका चचेरा भाई विक्रम 21 अप्रैल की रात गुरूग्राम से बस द्वारा अपने गांव लौट रहा था, लेकिन घर नहीं पहुंचा। अगले दिन उसका शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने की सूचना मिली। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामला दर्ज कराया था। इस पर पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने हत्या एवं दुष्कर्म के एक अन्य मामले में नामजद आरोपी राजेश कुमार (24) निवासी रामसर, थाना पचेरी कलां से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि 21 अप्रैल की रात उसने पचेरी कलां से सहड़ जाने वाले मार्ग पर पैदल जा रहे युवक को देखकर लूट की योजना बनाई। आरोपी ने लोहे की रॉड से हमला कर युवक को गंभीर चोटें पहुंचाईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाद में जब मृतक के पास कोई कीमती सामान नहीं मिला तो वह वहां से फरार होकर अपने बाड़े में छिप गया। पुलिस ने आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे का अनुसंधान जारी है तथा पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। मामले के खुलासे में थानाधिकारी बनवारीलाल, सहायक उपनिरीक्षक शीशराम, मुख्य आरक्षक सत्यराज, मुख्य आरक्षक वीरेन्द्र सिंह तथा कांस्टेबल हंसराज और रणवीर सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।