अजमेर डिस्कॉम के एसई महेश टीबड़ा के संयोजन में पौधारोपण, जल पूजन और श्रमदान कार्यक्रम आयोजित
झुंझुनूं I अजीत जांगिड़
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर 25 मई से शुरू हुआ वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान अब जनभागीदारी के दम पर जन आंदोलन का स्वरूप लेता जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को अजमेर डिस्कॉम की ओर से झुंझुनूं में अधीक्षण अभियंता महेश टीबड़ा के संयोजन में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आमजन ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। कार्यक्रम में विधायक राजेंद्र भांबू, जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विश्वंभर पूनियां, पुरुषोत्तम खाजपुरिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। एसई कार्यालय परिसर में अतिथियों ने पीपल एवं जल पूजन किया तथा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान आमजन को पौधों का वितरण भी किया गया। एसई महेश टीबड़ा ने बताया कि अभियान के तहत जिलेभर के विद्युत ग्रिड सब-स्टेशनों पर श्रमदान किया गया। साथ ही ट्रांसफॉर्मरों के आसपास सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक राजेंद्र भांबू ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा शुरू किया गया यह अभियान अब केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं रहा। बल्कि जन आंदोलन का रूप ले चुका है। लोगों द्वारा जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह अभियान कुछ दिनों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। बल्कि वर्ष के 365 दिनों तक इसकी भावना को अपनाया जाना चाहिए। यदि हर व्यक्ति यह संकल्प ले कि घर का पानी घर में, खेत का पानी खेत में और दफ्तर का पानी दफ्तर में ही संचित होगा, तो जल संरक्षण की दिशा में बड़े परिणाम सामने आएंगे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को जल संचयन, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। इसके बाद मीडिया राउंड टेबल का आयोजन हुआ। जिसमें अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने अभियान की उपलब्धियों और अब तक हुई प्रगति की जानकारी साझा की। वक्ताओं ने कहा कि जनभागीदारी से ही जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण जैसे अभियानों को स्थायी सफलता मिल सकती है। यही कारण है कि वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान अब प्रदेशभर में जन जागरूकता और जन सहयोग का सशक्त माध्यम बनता जा रहा है। इस मौके पर चीफ इंजीनियर शीशराम मील, कांट्रेक्टर अजय केडिया, भाजपा जिला प्रवक्ता संजय मोरवाल, भाजपा के पूर्व जिला मीडिया प्रमुख पुरूषोत्तम खाजपुरिया, मुकेश पातुसरी, चंद्रप्रकाश शुक्ला, राकेश शर्मा बगड़, भाजपा जिला महामंत्री दिलीप सैनी, जेपी चौधरी आदि मौजूद थे।













