नगर परिषद झुंझुनूं की डिजिटल पहल से आमजन को मिलेगा त्वरित लाभ, क्यूआर कोड से होगी प्रमाणिकता की जांच
झुंझुनूं I अजीत जांगिड़
नगर परिषद झुंझुनूं ने आमजन की सुविधा और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अब पहचान पोर्टल से जारी होने वाले डिजिटल हस्ताक्षरयुक्त जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र सीधे संबंधित व्यक्ति के वॉट्सऐप नंबर पर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। ऐसे प्रमाण पत्र पूरी तरह वैध हैं और इन्हें अस्पताल, बैंक, स्कूल सहित सभी सरकारी एवं निजी संस्थानों द्वारा स्वीकार किया जाना चाहिए। रजिस्ट्रार जन्म, मृत्यु एवं विवाह पंजीयन, नगर परिषद झुंझुनूं अरुण जाखड़ ने बताया कि पहचान पोर्टल से जारी डिजिटल प्रमाण पत्रों की वैधता को लेकर किसी प्रकार का भ्रम नहीं होना चाहिए। संबंधित व्यक्ति वॉट्सऐप पर प्राप्त प्रमाण पत्र की प्रति प्रिंट कर किसी भी आवश्यक कार्य में उपयोग कर सकता है। यदि किसी संस्था को प्रमाण पत्र की सत्यता को लेकर संदेह हो तो वह प्रमाण पत्र पर अंकित क्यूआर कोड को स्कैन कर अथवा पहचान पोर्टल पर जाकर उसकी प्रमाणिकता की जांच कर सकती है। उन्होंने बताया कि पूर्व में कई बार नागरिकों को ऑनलाइन या वॉट्सऐप पर प्राप्त प्रमाण पत्र को पुनः प्रमाणित कराने के लिए नगर परिषद कार्यालय आना पड़ता था, जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ता था। परिषद की मंशा है कि नागरिकों को अधिकतम सेवाएं घर बैठे उपलब्ध करवाई जाएं और उन्हें सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। अरूण जाखड़ ने बताया कि नगर परिषद का प्रयास रहता है कि आवेदन प्राप्त होने के उसी दिन जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कर दिए जाएं। हालांकि यदि किसी कारणवश प्रक्रिया में विलंब होता है तो भी आवेदन प्राप्त होने के अधिकतम तीन दिवस के भीतर प्रमाण पत्र जारी कर दिया जाता है। नगर परिषद की इस पहल से न केवल आमजन का समय और धन बचेगा, बल्कि डिजिटल सेवाओं को भी बढ़ावा मिलेगा। परिषद ने अस्पतालों, बैंकों, स्कूलों तथा अन्य संस्थानों से भी अपील की है कि वे वॉट्सऐप पर प्राप्त डिजिटल हस्ताक्षरयुक्त जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्रों को वैध दस्तावेज के रूप में स्वीकार करें और नागरिकों को अनावश्यक रूप से परेशान न करें — अरूण जाखड़
रजिस्ट्रार, जन्म, मृत्यु एवं विवाह पंजीयन
नगर परिषद, झुंझुनूं










