दिनभर लू से बेहाल रहे लोग, मौसम बदला तो कई इलाकों में हुई बारिश और बिजली गुल
चूरू। जिले में गुरुवार को भीषण गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार चूरू में अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।दोपहर के समय लू के थपेड़ों ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। भीषण गर्मी को देखते हुए नगर परिषद की ओर से शहर की मुख्य सड़कों पर टैंकरों के माध्यम से पानी का छिड़काव करवाया गया, ताकि लोगों को कुछ राहत मिल सके।

दिनभर गर्मी का प्रकोप रहने के बाद शाम होते-होते मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज आंधी के साथ जिले के कई क्षेत्रों में बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई।भामासी गांव के अरविंद कुमार भांबू ने बताया कि क्षेत्र में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। ओले गिरने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली और मौसम सुहावना हो गया।मौसम बदलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली, हालांकि तेज आंधी और बारिश के दौरान कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी बाधित रही।





