एसीबी की ट्रैप कार्रवाई से मचा हड़कंप, प्लॉट के व्यावसायिक उपयोग का डर दिखाकर मांगी थी मोटी रकम, अलग-अलग स्थानों पर बुलाकर करता रहा टालमटोल
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सूरजगढ़ क्षेत्र की बेरला ग्राम पंचायत में पदस्थापित ग्राम सेवक (ग्राम विकास अधिकारी) राजकुमार को 8 लाख 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ने आवासीय प्लॉट के व्यावसायिक उपयोग (कन्वर्जन) के नाम पर परिवादी से यह अवैध राशि वसूलने की मांग की थी। एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र पूनिया ने बताया कि 9 मई को परिवादी द्वारा ब्यूरो में लिखित शिकायत दी गई थी। शिकायत में उल्लेख था कि उसने एक प्लॉट पर ड्रग लाइसेंस के आधार पर मेडिकल स्टोर संचालित कर रखा है, बावजूद इसके ग्राम सेवक द्वारा उसे अवैध व्यावसायिक उपयोग बताते हुए दबाव बनाया जा रहा था। मामले में खुलासा हुआ कि 1 मई को बेरला एवं लोटिया ग्राम पंचायत का अतिरिक्त कार्यभार संभालने के बाद आरोपी राजकुमार ने परिवादी को नोटिस जारी कर कार्रवाई की धमकी दी थी। नोटिस में आवासीय भूमि के व्यावसायिक उपयोग को अवैध बताते हुए साक्ष्य प्रस्तुत करने का दबाव बनाया गया। इसके बाद ग्राम सेवक ने मामले को “निपटाने” और कन्वर्जन की प्रक्रिया में मदद करने के एवज में पहले 10 लाख रुपए की मांग की, जिसे बाद में सौदेबाजी कर 8 लाख 50 हजार रुपए पर तय किया गया। एंटी करप्शन ब्यूरो राजस्थान की जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद ट्रैप की योजना बनाई गई। कार्रवाई के दौरान आरोपी लगातार परिवादी को अलग-अलग स्थानों पर बुलाकर भ्रमित करता रहा। पहले उसे कार्यालय बुलाया गया, फिर मेडिकल स्टोर पर बुलाने की बात कही गई और अंततः उसे सूरजगढ़ स्थित एक निजी मेडिकल स्टोर पर राशि लेकर बुलाया गया।जैसे ही परिवादी ने आरोपी ग्राम सेवक राजकुमार को 8.50 लाख रुपए सौंपे, पहले से घात लगाए बैठी एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथों दबोच लिया। टीम ने रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली। एसीबी ने आरोपी को हिरासत में लेकर सूरजगढ़ थाने में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की विस्तृत जांच जारी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस प्रकरण में और कौन-कौन शामिल हो सकता है।
SP ऑफिस से युवती को जबरन उठाकर ले गए 😱 सुरक्षा के लिए पंहुची थी | Churu Breaking News
15 वर्षीय बालक को डॉक्टरों ने दी नई जिंदगी 🚑 छुट्टी के दिन खुला ऑपरेशन थिएटर | Churu News
ऑपरेशन म्यूल हंटर, करोड़ों के साइबर फ्रॉड का खुलासा | 1.16 करोड़ ट्रांजैक्शन | Churu News
















