बुहाना I झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
पुलिस थाना बुहाना ने कॉपीराइट एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से गाने प्रसारित कर रहे एक डीजे सिस्टम और पिकअप वाहन को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई झुंझुनूं पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन में की गई। जानकारी के अनुसार एसएसपी कॉपीराइट एंड ट्रेडमार्क प्रोटेक्शन, आम्रपाली सर्किल वैशाली नगर जयपुर के प्रतिनिधि रामवतार और रामचन्द्र ने बुहाना थाना पुलिस को सूचना दी कि थाना क्षेत्र के कलवा मोड़ के पास “अंशु डीजे साउंड बड़बर” नाम से संचालित डीजे द्वारा बिना किसी वैध लाइसेंस के उनकी कंपनी के गानों का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा है। इससे कंपनी को रॉयल्टी और सरकार को टैक्स के रूप में राजस्व हानि हो रही है। सूचना पर पुलिस थाना बुहाना की टीम ने कलवा मोड़ पर पहुंचकर कार्रवाई की। मौके पर पिकअप वाहन संख्या RJ18GC6963 पर तेज आवाज में डीजे बजता मिला। पुलिस ने कॉपीराइट एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए डीजे सिस्टम सहित पिकअप वाहन को जब्त कर लिया तथा चालक प्रदीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रदीप कुमार पुत्र रामचन्द्र (38) निवासी बड़बर, थाना बुहाना जिला झुंझुनूं के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कार्रवाई थाना प्रभारी बिमला बुडानिया के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई। टीम में बिमला बुडानिया, थाना प्रभारी पुलिस थाना बुहाना , सुरेन्द्र कुमार, सहायक उप निरीक्षक , होशियार सिंह, कांस्टेबल धर्मवीर चालक शामिल रहे।
बिना लाइसेंस गाने बजाना पड़ा महंगा: कॉपीराइट एक्ट में डीजे सिस्टम सहित पिकअप जब्त, संचालक गिरफ्तार
Advertisement

















