सिंघाना में फर्जी इकरारनामे से जमीन हड़पने का आरोप

पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज

खेतड़ी I झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
सिंघाना कस्बे में फर्जी इकरारनामे से जमीन हड़पने का मामला सामने आया है। इस संबंध में एक व्यक्ति ने पांच लोगों पर धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज करवाया गया है। थानाधिकारी सुगन सिंह ने बताया कस्बे के वार्ड नंबर 7 स्थित तिबोड़िया मोहल्ला निवासी सुभाषचंद ने अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट खेतड़ी न्यायालय में परिवाद पेश कर पांच लोगों पर फर्जी इकरारनामे के जरिए पुश्तैनी जमीन हड़पने का आरोप लगाया है। परिवाद में रामचंद्र सैनी, हरिसिंह, मुकेश कुमार सैनी, राकेश कुमार यादव तथा तूफान मीणा को आरोपी बनाया गया है। परिवादी ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेज तैयार कर करीब 173 वर्ग गज भूमि का इकरारनामा बनाकर उसे बेचने का प्रयास किया। परिवादी के अनुसार उक्त भूमि पर उसका परिवार लंबे समय से काबिज है। आरोप है कि 26 अप्रैल 2026 को आरोपी कुछ लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया। इसी दौरान परिवादी को कथित फर्जी इकरारनामे की जानकारी मिली। परिवाद में बताया गया कि भूमि परिवार को वर्ष 1975 में हुए पंजीकृत बंटवारे में प्राप्त हुई थी और तब से परिवार लगातार वहां निवास कर रहा है। आरोप है कि पूर्व में भी निर्माण कार्य के दौरान आरोपियों ने बाधा उत्पन्न की थी, जिसकी शिकायत पुलिस को दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। परिवादी ने अदालत को बताया कि उसके पास संपत्ति से संबंधित सभी वैध दस्तावेज मौजूद हैं। इसके बावजूद आरोपियों ने कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन बेचने का प्रयास किया तथा धमकी भी दी। थानाधिकारी ने बताया कि पीड़ित की ओर से दी गई रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है, मामले की गहनता से जांच की जा रही है।