सेना के उच्चाधिकारियों और जनसैलाब ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
गांव मेहरादासी के लाडले और ऑपरेशन सिंदूर के हीरो, वायु सेना मेडल गैलेंट्री से सम्मानित शहीद सार्जेंट सुरेंद्र मोगा की प्रतिमा का भव्य अनावरण समारोह रविवार को देशभक्ति के ज्वार के साथ संपन्न हुआ। इस गौरवमयी अवसर पर भारतीय सेना व वायुसेना के शीर्ष अधिकारियों, राजनेताओं और हजारों की संख्या में आमजन ने शहीद को नमन किया। समारोह के मुख्य अतिथि एवं सैनिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रेम सिंह बाजोर ने शहीद के प्रति गहरी श्रद्धा प्रकट करते हुए घोषणा की कि शहीद की इस भव्य प्रतिमा के निर्माण का खर्च उनके द्वारा व्यक्तिगत रूप से वहन किया गया है। इसके साथ ही उन्होंने शहीद परिवार को संबल देते हुए विश्वास दिलाया कि वे शहीद वीरांगना सीमा मोगा को नायब तहसीलदार के पद पर अनुकंपा नियुक्ति दिलवाने के लिए पूर्ण प्रयास करेंगे और इसका ठोस आश्वासन दिया। समारोह में भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति विशेष आकर्षण रही। लेफ्टिनेंट जनरल सतपाल कटेवा और लेफ्टिनेंट जनरल केके रेपसवाल ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके शौर्य को युवाओं के लिए मार्गदर्शक बताया। साथ ही, वायुसेना की ओर से एयर फोर्स स्टेशन जयपुर के स्टेशन कमांडर ग्रुप कैप्टन विनय भारद्वाज अपने एयरवोरियर्स के दल के साथ पहुंचे। दिल्ली से ग्रुप कैप्टन प्रदीप ने वायुसेना अध्यक्ष के प्रतिनिधि के रूप में शिरकत की। समारोह के दौरान शहीद की माता नानू देवी, वीरांगना सीमा मोगा और शहीद के बच्चों वर्तिका व दक्ष का मंच पर सार्वजनिक अभिनंदन और सम्मान किया गया। विभिन्न पूर्व सैनिक संगठनों ने भी शहीद परिवार के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की। विशिष्ट अतिथियों में झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भांबू, पूर्व सांसद संतोष अहलावत और पूर्व प्रधान सुशीला सीगड़ा शामिल रहे। वक्ताओं ने शहीद सार्जेंट सुरेंद्र मोगा के बलिदान को राष्ट्र की अमानत बताया। समारोह में प्यारेलाल मोगा, शिवचंद मोगा, रवि मोगा, संजीव मोगा, रामनिवास मिल, इंद्राज मिल और राहुल मील ने सभी आगंतुकों का स्वागत और अभिनंदन किया। मंच का सफल संचालन हरीश हिंदुस्तानी और विजय हिन्द जालिमपुरा ने अपनी ओजस्वी वाणी में किया। शहीद के भाई राजेश मोगा ने सभी सैन्य अधिकारियों, अतिथियों और जनसैलाब का हृदय से आभार व्यक्त किया।










