झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
जिला जेल झुंझुनूं में निरुद्ध बंदियों के स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए अब वहां शुद्ध पेयजल (आरओ वॉटर) की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग की प्रेरणा और जयपुर के एक फाउंडेशन के सौजन्य से जेल परिसर में एक बड़ा आरओ प्लांट लगाया जाएगा। जिला जेल अधीक्षक गंगाराम ने बताया कि जेल में वर्तमान में लगा छोटा आरओ प्लांट कैदियों की संख्या के अनुसार पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं करवा पा रहा था। भीषण गर्मी के मौसम में पीने के पानी की किल्लत को देखते हुए उन्होंने जिला कलेक्टर को इस समस्या से अवगत कराया था। कलेक्टर की पहल पर लॉयंस क्लब झुंझुनूं और श्री श्याम आशीर्वाद सेवा संस्था द्वारा शीतल जल अभियान के तहत वॉटर कूलर लगाने का कार्य किया जा रहा है। इसी कड़ी में डॉ. डीएन तुलस्यान के माध्यम से जयपुर के एक फाउंडेशन से संपर्क किया गया। जिस पर फाउंडेशन ने सहर्ष अपनी स्वीकृति प्रदान की। डॉ. डीएन तुलस्यान ने जानकारी दी कि लहर फाउंडेशन के ट्रस्टियों ने ना केवल प्लांट लगाने की मंजूरी दी है। बल्कि इसके 3 वर्ष तक के रखरखाव की जिम्मेदारी भी उठाई है। फाउंडेशन ने सीकर की एजेंसी के साथ तीन साल का अनुअल मेंटीनेंस कांट्रेक्ट भी किया है। जिससे अगले तीन वर्षों तक जेल प्रशासन को मरम्मत या मेंटेनेंस पर कोई खर्च नहीं करना होगा। इस पहल से जेल में बंद कैदियों को अब गर्मी के मौसम में शुद्ध पानी के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।













