श्योलपुरा के शिव मंदिर को बनाया चोरों ने निशाना:

 ताला तोड़ दान पात्र से नकदी चोर कर हुए फरार, ग्रामीणों में आक्रोश

खेतड़ी । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
खेतड़ीनगर थाना क्षेत्र के श्योलपुरा के शिव मंदिर में चोरी की वारदात सामने आई है, जिससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त हो गया। देर रात अज्ञात चोरों ने मंदिर के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखा दान पात्र चोरी कर ले गए। मंदिर जैसी आस्था के केंद्र को निशाना बनाए जाने से लोगों में आक्रोश और चिंता दोनों देखने को मिली। चोर दान पात्र को अपने साथ ले गए तथा मंदिर से दूर ले जाकर तोड़ दिया। दान पात्र को तोड़कर उसमें रखी नकदी निकाल ली गई और खाली पात्र को सड़क किनारे फेंक दिया गया। ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचकर देखा‌। मंदिर के पुजारी पूजा के लिए पहुंचे तो मंदिर के अंदर दान पात्र गायब मिला। इसके बाद उन्होंने तुरंत गांव में सूचना दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और घटना पर नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने इस घटना को गंभीर मानते हुए पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मामले की जांच की मांग की गई। ग्रामीणों ने बताया कि मंदिर में रखा दान पात्र पिछले काफी दिनों से नहीं खोला गया था। ऐसे में उसमें अच्छी-खासी राशि होने की संभावना थी। चोरों ने सुनियोजित तरीके से मंदिर को निशाना बनाया, जिससे यह स्पष्ट होता है कि उन्हें मंदिर की गतिविधियों की जानकारी थी। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। साथ ही पुलिस से मामले की जांच कर जल्द आरोपियों को पकड़ने की भी मांग की गई है। खेतड़ीनगर पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर आवश्यक जानकारी जुटाई।