मोहिनी एकादशी पर किया नंदी पूजन, संत सानिध्य भी मिला

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
शहर के श्री गोपाल नंदी शाला में मोहिनी एकादशी के पावन अवसर पर आस्था, सेवा और संस्कार का अद्भुत संगम देखने को मिला। डॉ. भावना शर्मा एवं सपना राणासरिया के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के प्रिय वाहन नंदी की सेवा कर पुण्य अर्जित किया। आयोजन माता-पिता की स्मृति एवं वैवाहिक वर्षगांठ जैसे पावन अवसरों को समर्पित रहा, जिसने कार्यक्रम को और भी भावनात्मक बना दिया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने नंदी को भोग अर्पित कर अपनी कृतज्ञता व्यक्त की तथा सनातन परंपराओं के संरक्षण का संकल्प लिया। आयोजकों ने समस्त नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि जन्मदिन, शादी की सालगिरह या माता-पिता की स्मृति जैसे अवसरों को नंदी सेवा के साथ जोड़कर मनाना चाहिए, जिससे समाज में धर्म और सेवा की भावना सुदृढ़ हो। समाजसेवी एवं भाजपा नेता महेश बसावतिया ने बताया कि इस अवसर पर अयोध्या से पधारे संतश्री धर्मदास महाराज का विशेष सानिध्य प्राप्त हुआ। संत महाराज ने अपने प्रवचनों में गौमाता, नंदी और सनातन धर्म के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह परंपराएं भारतीय संस्कृति की आत्मा हैं। उनके ओजस्वी विचारों को सुनकर उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। कार्यक्रम में यह भी घोषणा की गई कि आगामी समय में एक मई से शहर के चूणा चौक स्थित रामलीला मैदान में भव्य रामकथा का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा और भक्ति का वातावरण बना रहा तथा नंदी सेवा के इस पुनीत कार्य को नगरवासियों ने सराहनीय पहल बताया।

SIKAR : सिर्फ ₹1 में शादी!  दहेज को ठुकराकर युवक बना मिसाल | सीकर की प्रेरक कहानी

चूरू में 12 किलो गांजा बरामद । बिना नंबर की इलेक्ट्रिक स्कूटी सहित आरोपी गिरफ्तार

चूरू अस्पताल में बड़ा हादसा टला,  ऑक्सीजन प्लांट के पास आग, ड्यूटी पर शराबी फायरमैन गिरफ्तार