जसरापुर के पीपली स्टैंड पर खेल मैदान का निर्माण कार्य शुरू

जसरापुर ग्रामीण विकास समिति के सहयोग से बनेगा रनिंग ट्रैक, युवाओं को मिलेगा बेहतर अभ्यास स्थल

खेतड़ी। झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
खेतड़ी उपखंड के जसरापुर गांव के पीपली स्टैंड के पास प्रस्तावित 200×150 मीटर के खेल मैदान के समतलीकरण और साफ-सफाई का कार्य विधिवत रूप से शुरू हो गया। यह कार्य जसरापुर ग्रामीण विकास समिति के प्रयासों से भामाशाह पुरुषोत्तमलाल केजड़ीवाल, रामेश्वरलाल केजड़ीवाल और जितेंद्र केजड़ीवाल (मुंबई) के आर्थिक सहयोग से कराया जा रहा है। गांव के युवाओं की ओर से लंबे समय से व्यवस्थित खेल मैदान की मांग की जा रही थी, जिसे देखते हुए समिति ने सर्वसम्मति से इस विकास कार्य को शुरू करने का निर्णय लिया।समिति के अनुसार मैदान को जेसीबी मशीनों की सहायता से विलायती कीकर, आंकड़े, घास और झाड़ियों को हटाकर पूरी तरह समतल किया जाएगा, ताकि इसे खेल गतिविधियों के लिए उपयुक्त बनाया जा सके। इसके साथ ही मैदान में रनिंग ट्रैक सहित अन्य आवश्यक खेल सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी, जिससे युवाओं को अभ्यास के लिए बेहतर और सुरक्षित वातावरण मिल सके। इस कार्य का शुभारंभ सांवलराम सेडूका और प्रताप धानिया ने पूजा-अर्चना के साथ किया। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और युवा मौजूद रहे, जिन्होंने इस पहल पर खुशी जताई और इसे गांव के विकास की दिशा में अहम कदम बताया। समिति के सचिव शिवकुमार सुरेलिया और आशीष केडिया ने बताया कि वर्तमान में भी इसी मैदान पर अभ्यास कर लगभग 40-50 युवा सेना और पुलिस में चयनित हो चुके हैं। अब मैदान के विकसित होने से युवाओं को और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, जिससे उनकी तैयारी और अधिक मजबूत होगी।खेल मैदान के निर्माण कार्य शुरू होने से गांव में उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों और युवाओं ने विकास समिति और सहयोग करने वाले प्रवासी ग्रामीणों का आभार जताते हुए कहा कि यह पहल आने वाले समय में गांव की खेल प्रतिभाओं को नई दिशा देगी।इस अवसर पर रामचंद्र नायक, चुन्नीलाल चनेजा, रघुवीर छावड़ी, महेंद्र सिंह शेखावत, प्रवीण भोजगढिया, मेघाराम सिराधना, रामस्वरूप सिराधना, सुरेश भाडोरिया, ओमप्रकाश सिराधना, सुंदरलाल, सुरेंद्र जांगिड़, मनीष कैटर्स, विक्रम भांडोरिया, उमराव सिंह, जितेंद्र सेडूका, सुनील धानोता, आजाद राठी, सुभाष धानिया, संदीप पावटा, राकेश गुप्ता, जोधाराम टोडपुरिया, लाला सेडूका, कुंदन गोठवाल, दिनेश कुमार और सोनू बजाड़ सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।