लंबे संघर्ष के बाद मिली सफलता, शिक्षा व सामाजिक उत्थान को मिलेगा नया आधार
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
ब्राह्मण समाज के लिए एक बड़ी और बहुप्रतीक्षित सौगात सामने आई है। राज्य सरकार द्वारा विप्र कल्याण संस्थान को छात्रावास निर्माण हेतु 1500 वर्ग मीटर भूमि आवंटित किए जाने के फैसले से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। वर्षों से लंबित इस मांग के पूर्ण होने को समाज के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है। इस महत्वपूर्ण निर्णय पर विप्र सेना के प्रदेश प्रमुख उपाध्यक्ष महेश बसावतिया ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भांबू तथा जिला कलेक्टर अरुण गर्ग का आभार जताया। उन्होंने इसे समाज के लिए “मील का पत्थर” करार दिया। महेश बसावतिया ने कहा कि ब्राह्मण समाज के विभिन्न संगठनों द्वारा छात्रावास हेतु भूमि आवंटन की मांग लंबे समय से लगातार उठाई जा रही थी। अब सरकार द्वारा सकारात्मक पहल करते हुए इस दिशा में ठोस निर्णय लेना समाज की एकजुटता और निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने बताया कि इस पूरे प्रयास को सफल बनाने में मुकेश दाधीच, राजेंद्र भांबू और जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। साथ ही समाज के अनेक संगठनों और कार्यकर्ताओं के समर्पित प्रयासों ने इस मांग को मजबूती दी। विप्र सेना के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि यह निर्णय समाज के शैक्षणिक एवं सामाजिक उत्थान की दिशा में एक नई शुरुआत है। समाज के विभिन्न संगठनों ने भी इसे सामूहिक प्रयासों की जीत बताते हुए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है। अब उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही छात्रावास निर्माण कार्य शुरू होगा, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी और उनकी शिक्षा को नया संबल मिलेगा।










