पूर्व मंत्री डॉ. राजकुमार शर्मा ने किया उद्घाटन, भामाशाहों ने माता-पिता की स्मृति में कराया प्रेरणादायी निर्माण
नवलगढ़। झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
ग्राम पंचायत तोगड़ा कलां के राजस्व ग्राम देलसर कलां में शनिवार को आस्था, सेवा और सामाजिक सरोकार का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब राधा-कृष्ण मंदिर एवं स्मृति पार्क का भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित हुआ। यह धार्मिक-सामाजिक स्थल न केवल श्रद्धा का केंद्र बनेगा, बल्कि गांव के सामुदायिक विकास की नई दिशा भी तय करेगा। इस प्रेरणादायी पहल को भामाशाह भगत सिंह खीचड़, डॉ. मंगेज सिंह खीचड़ एवं विनोद कुमार ने अपने माता-पिता स्वर्गीय बलूराम चौधरी और अंणची देवी की पुण्य स्मृति में साकार किया है, जो समाज में संस्कार और सेवा की मिसाल बनकर उभरा है।
विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ उद्घाटन
लोकार्पण समारोह में पूर्व चिकित्सा मंत्री डॉ. राजकुमार शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि ग्राम पंचायत तोगड़ा कलां की प्रशासक निशा संजीव कुमार विशिष्ट अतिथि रहीं। अतिथियों ने फीता काटकर एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कर मंदिर और स्मृति पार्क का विधिवत उद्घाटन किया।पूरे आयोजन के दौरान देलसर कलां श्रद्धा और भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। रोशन दास महाराज के सान्निध्य में धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न हुए, जिससे वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता ने कार्यक्रम को एक जनोत्सव का रूप दे दिया। इस ऐतिहासिक अवसर पर देशराज खीचड़, देवेन्द्र खीचड़, सुरेन्द्र खीचड़, श्रीराम खीचड़, रामानन्द खीचड़, बलवीर जी सुबेदार, राजू देलसर, शिवनारायण खीचड़, शुभकरण झाझड़िया, जयसिंह झाझड़िया, करतार सिंह झाझड़िया, आशीष कुमार, विवेक यादव, ओमप्रकाश सुण्डा, कपील ऐचरा, रोहिताश झाझड़िया, हरफूल सिंह मेघवाल, सुनील बलौदा और नन्दू शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
गांव के लिए नई पहचान बनेगा यह स्थल
राधा-कृष्ण मंदिर और स्मृति पार्क का यह निर्माण देलसर कलां को धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और प्रेरणा का नया केंद्र प्रदान करेगा। यह पहल आने वाली पीढ़ियों को संस्कार, सेवा और समाज के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देती रहेगी।










