बेकाबू रफ्तार का कहर: तेज कार दुकान में घुसी, बाहर खड़ी बाइकों को मारी टक्कर

सीसीटीवी में कैद हुआ खौफनाक मंजर, बाल-बाल बचे लोग

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
शहर के हाउसिंग बोर्ड इलाके में शुक्रवार शाम तेज रफ्तार एक कार का कहर देखने को मिला, जब एक बेकाबू कार सीधे बाइक गैरेज की दुकान में जा घुसी। हादसे में कई मोटरसाइकिलें क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि कार में सवार युवकों को मामूली चोटें आईं। गनीमत रही कि घटना के समय दुकान के बाहर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हुंडई कार चूरू बाईपास की ओर तेज गति से जा रही थी। अचानक चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार लहराते हुए नियंत्रण से बाहर हो गई। इससे पहले कि चालक संभल पाता, कार सीधे बाइक गैरेज के बाहर खड़ी मोटरसाइकिलों से टकरा गई। कार की रफ्तार इतनी अधिक थी कि टक्कर के बाद दुकान का शीशा चकनाचूर हो गया। बाहर खड़ी दो से तीन मोटरसाइकिलों को भारी नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों ने तुरंत स्थिति को संभाला।

सीसीटीवी में कैद हुआ पूरा घटनाक्रम

पास के एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कार किस तेजी से दुकान की ओर बढ़ती है और पल भर में टक्कर हो जाती है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। कार में 3 से 4 युवक सवार थे, जिन्हें हल्की चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना में कार और बाइकों को काफी नुकसान हुआ है, लेकिन किसी प्रकार की जनहानि नहीं होने से लोगों ने राहत की सांस ली।