11 केवी लाइन टूटी, 10 बीघा गेहूं जलकर राख

ट्रैक्टर लेकर आग से भिड़े किसान, बड़ी मुश्किल से पाया काबू

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ उपखंड के भावठड़ी गांव में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया, जब 11 केवी बिजली लाइन का तार टूटकर गेहूं की खड़ी फसल पर गिर गया। चंद ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और करीब 10 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। आग लगते ही खेत में अफरा-तफरी मच गई। लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते पूरा खेत आग की चपेट में आ गया। मौके पर मौजूद किसानों ने बिना देर किए ट्रैक्टर लेकर आग की घेराबंदी शुरू कर दी, वहीं कई किसान झाड़ियां और पानी के टैंकर लेकर दौड़ पड़े। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। कटाई से पहले ही बर्बाद हुई मेहनत – जानकारी के अनुसार, किसान अनिल काजला के करीब 35 बीघा खेत में गेहूं की फसल कटाई के लिए तैयार खड़ी थी। अचानक ऊपर से गुजर रही जर्जर 11 केवी लाइन का तार टूटकर गिरा और फसल में आग लग गई। इस हादसे में करीब 10 बीघा फसल पूरी तरह जलकर खाक हो गई, जिससे किसान को भारी नुकसान हुआ है। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीण बड़ी संख्या में पावर हाउस पहुंच गए और धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र की बिजली लाइनें लंबे समय से जर्जर और खतरनाक हालत में हैं , बार-बार शिकायत के बावजूद कोई सुधार नहीं किया गया । ग्रामीणों का कहना है कि विभाग की लापरवाही ने एक किसान की सालभर कीमेहनत को राख में बदल दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित किसान अनिल काजला को तुरंत उचित मुआवजा दिया जाए , क्षेत्र की सभी जर्जर बिजली लाइनों को तुरंत बदला जाए ॥ हालांकि किसानों की सूझबूझ से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, लेकिन नुकसान इतना बड़ा है कि इसकी भरपाई आसान नहीं होगी।