भोड़की में पेड़ से लटके मिले प्रेमी युगल, गांव में सनसनी

सेना जवान एक सप्ताह पहले आया था छुट्टी पर, पारिवारिक विवाद के बाद घर से निकला था

गुढ़ागौड़जी । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
भोड़की गांव के जोहड़ क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक प्रेमी युगल के शव पेड़ से लटके मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही गुढ़ागौड़जी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब छह बजे गांव निवासी दिनेश कुमावत जब जोहड़ की ओर गए तो उन्होंने कीकर के पेड़ पर युवक और युवती को लटका देखा। यह दृश्य देखकर उन्होंने तुरंत ग्रामीणों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को बुलाया गया।

दुपट्टे का फंदा और पास में मिली संदिग्ध गोलियां

पुलिस को मौके पर दोनों के पास कुछ संदिग्ध गोलियां भी मिली हैं, जिससे जहर सेवन की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। दोनों शवों को कब्जे में लेकर गुढ़ागौड़जी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में भिजवाया गया।

आधार कार्ड से हुई युवक की पहचान

पुलिस ने युवक की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान भिवानी निवासी 32 वर्षीय सुनील कुमार के रूप में की, जबकि युवती की पहचान खींवासर गांव निवासी इंदुबाला के रूप में हुई। सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया और परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए।

सेना में तैनात था युवक

परिजनों ने बताया कि सुनील भारतीय सेना में कार्यरत था और करीब एक सप्ताह पहले ही छुट्टी लेकर घर आया था। बताया जा रहा है कि उसकी युवती से पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई।

पत्नी को पता चलने पर बढ़ा विवाद

परिवार के अनुसार सुनील को युवती से वीडियो कॉल पर बात करते हुए उसकी पत्नी ने देख लिया था, जिसके बाद घर में विवाद बढ़ गया था। गुरुवार शाम करीब पांच बजे सुनील घर से निकला था, जिसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। परिजन रातभर उसकी तलाश करते रहे, लेकिन सुबह इस दुखद घटना की सूचना मिली।

मोबाइल लोकेशन से पहुंचे परिजन

पुलिस जांच के दौरान मोबाइल लोकेशन के आधार पर दोनों के परिजनों को भी मौके पर बुलाया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना के पीछे परिस्थितियां क्या रहीं।

गांव में पसरा सन्नाटा

घटना के बाद भोड़की गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। एक साथ दो युवाओं की मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के बाद मामले की तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी।