पॉलिथीन जब्ती, जुर्माना व कचरा उठाने की मुहिम से शहर में दिखा असर
हनुमानगढ़। हिमांशु मिढ्ढा
जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार नगरपरिषद हनुमानगढ़ द्वारा 6 अप्रैल से 27 अप्रैल 2026 तक चलाए जा रहे विशेष स्वच्छता अभियान “हनुमानगढ़ एक कदम स्वच्छता की ओर” के तहत मंगलवार को विभिन्न स्थानों पर व्यापक कार्रवाई की गई। अभियान के तहत शहर में साफ-सफाई, श्रमदान, पॉलिथीन प्रतिबंध की पालना और आमजन को जागरूक करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। नगरपरिषद कार्यालय से जारी आदेशानुसार इस अभियान के सफल संचालन के लिए अधिशाषी अभियंता रामप्रसाद मीणा को प्रभारी अधिकारी तथा राजस्व अधिकारी दलीप कुमार (जंक्शन क्षेत्र) व बब्बू (टाउन क्षेत्र) को सह-प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। इनके नेतृत्व में गठित टीमों द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में नियमित मॉनिटरिंग और कार्रवाई की जा रही है। अभियान की शुरुआत मुख्य सब्जी मंडी, हनुमानगढ़ टाउन से साफ-सफाई एवं श्रमदान के साथ की गई, जहां आमजन को कपड़े के थैले वितरित कर पॉलिथीन के उपयोग से बचने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक (SUP) और पॉलिथीन कैरी बैग्स पर प्रतिबंध की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में मंगलवार को नगरपरिषद की टीम ने राजकीय चिकित्सालय परिसर, अग्रसेन चौक, बॉम्बे हॉस्पिटल, फतेहगढ़ मोड़, वार्ड संख्या 33 स्थित इंदिरा कॉलोनी सहित विभिन्न स्थानों पर सफाई अभियान चलाकर कचरे के ढेर हटाए। लंबे समय से जमा कचरे को उठाकर क्षेत्र को साफ-सुथरा बनाया गया, जिससे स्थानीय लोगों को राहत मिली। नगरपरिषद द्वारा अभियान के तहत नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ जुर्माना भी लगाया गया। सफाई व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर ₹1500 का जुर्माना वसूला गया। वहीं मुख्य बाजार क्षेत्र में पॉलिथीन के खिलाफ विशेष कार्रवाई करते हुए लगभग 10 किलोग्राम पॉलिथीन जब्त की गई और संबंधित दुकानदारों से 1100 का जुर्माना भी वसूला गया। नगरपरिषद अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल सफाई करना ही नहीं, बल्कि नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता पैदा करना भी है। इसके लिए जनप्रतिनिधियों और आमजन का सहयोग लिया जा रहा है, ताकि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके।प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे पॉलिथीन का उपयोग बंद करें, कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें और स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
भाजयुमो की विशेष बैठक आयोजित | 21 अप्रैल को ‘संकल्प दिवस’, सगत सिंह प्रतिमा का अनावरण
Ramavatar Palsania के बयान का जाट महासभा ने किया विरोध | चरण सिंह पर टिप्पणी को लेकर FIR की मांग
APS Academy Play School का भव्य शुभारंभ | विधायक हरलाल सहारण रहे मुख्य अतिथि
















