अल्टीमेटम खत्म होने के बाद ग्रामीणों ने डूमोली खुर्द स्टैंड पर दो घंटे लगाया जाम
खेतड़ी । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
सिंघाना थाना क्षेत्र के ईशकपुरा में गोली मारकर युवक की हत्या करने के आरोपियों को पुलिस पकड़ नहीं पाई है। सोमवार को ग्रामीणों की ओर से पुलिस को दिया गया अल्टीमेटम खत्म होने के बाद डूमोली खुर्द स्टैंड पर सिंघाना – नारनौल सड़क पर जाम लगा दिया। मुख्य सड़क पर जाम लगने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। विरोध कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि मृतक मुकेश कुमार अपने परिवार का इकलौता सहारा था। बदमाशों की गोली से शिकार होने से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ सा टूट गया है। मृतक मुकेश कुमार की मां बिमार रहती है तथा घर में दो बहनों का मुकेश ही सहारा था। क्षेत्र में कानून का राज पूरी तरह से खत्म हो गया है। शुक्रवार शाम को हुई फायरिंग के आरोपी अभी तक पुलिस की पकड़ से दूर चल रहे हैं। पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं करने से बदमाशों के हौंसले बुलंद हो रहे है तथा अपराधिक घटनाएं भी बढ़ रही है। ग्रामीणों ने बताया कि वारदात के आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस को 24 घंटे का समय दिया गया था। इस दौरान डीएसपी ने उच्च अधिकारियों से बात कर आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन देकर शव का पोस्टमार्टम करवाया गया था, लेकिन तीन दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस वारदात के आरोपियों को गिरफ्तार करना तो दूर उनका सुराग तक नहीं लगा पाई है। जानकारी के अनुसार डूमोली कलां निवासी मुकेश कुमार (23) पुत्र रामनिवास को शुक्रवार शाम बाइक सवार बदमाश विजय कुमार व उसके दोस्तों ने उसे रोक लिया तथा कहासुनी होने पर उसके सीने में गोली मारी दी थी । ग्रामीणों ने बताया कि जब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा तब तक ग्रामीणों की ओर से आंदोलन जारी रहेगा। सड़क पर जाम लगाए जाने की सूचना पर पचेरीकलां थानाधिकारी बनवारीलाल यादव, बुहाना थानाधिकारी बिमला बुडानिया, सिंघाना थानाधिकारी सुगन सिंह सहित अन्य थानों का पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। इस मौके पर युवा नेता नौरंग डांगी, योगेश गुर्जर, नौरंग गुर्जर, राजेश कसाणा, महेंद्र कुमार, सुनील कुमार, सुंडाराम, रामौतार, रामशरण सहित अनेक लोग मौजूद थे।
वाहनों को पचेरीकलां से किया डायवर्ट
डूमोली खुर्द स्टैंड पर जाम लगाने के बाद नारनौल से सिंघाना, चिड़ावा, झुंझुनूं का आवागमन पूरी तरह से बंद हो गया। इसके बाद पुलिस ने पचेरीकलां में बस स्टैंड पर बैरिकेड लगाकर वाहनों का डायवर्ट पचेरीकलां से बुहाना होकर कर दिया गया। सड़क पर जाम लगाने से वाहनों की लंबी लाइन लग गई जिस पर पुलिस ने वाहनों को वापस भेज कर दूसरे रास्तों से निकाला गया।
दो घंटे बाद खोला गया सड़क जाम, गवाहों की सुरक्षा के लिए तैनात किए जाएंगे पुलिस के हथियारबंद जवान
ईशकपुरा हत्याकांड के आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर ग्रामीणों की ओर से डूमोली खुर्द स्टैंड पर लगाया गया जाम दो घंटे बाद पुलिस ने समझाइश कर हटवा दिया। इस दौरान पुलिस प्रशासन व ग्रामीणों के बीच समझौता वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने गवाहों की सुरक्षा करने, आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने व पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग की। इस दौरान पुलिस की ओर से गवाहों की सुरक्षा के लिए मृतक मुकेश के गांव डूमोली कलां में व घटना के गांव ईशकपुरा में आरोपी गिरफ्तार होने तक हथियारबंद जवान तैनात करने, आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने व मुआवजा प्रक्रिया जल्द करवाने का आश्वासन दिया गया। इस दौरान एएसपी फूलचंद मीणा, डीएसपी नोपाराम भाकर, तहसीलदार बजरंग जाखड़ सहित पुलिस अधिकारी मौजूद थे।
भाजयुमो की विशेष बैठक आयोजित | 21 अप्रैल को ‘संकल्प दिवस’, सगत सिंह प्रतिमा का अनावरण
Ramavatar Palsania के बयान का जाट महासभा ने किया विरोध | चरण सिंह पर टिप्पणी को लेकर FIR की मांग
APS Academy Play School का भव्य शुभारंभ | विधायक हरलाल सहारण रहे मुख्य अतिथि













