श्री मुनि आश्रम बालाजी मंदिर में उमड़ा जनसैलाब
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
शेखावाटी की पावन धरा झुंझुनू के प्रमुख आध्यात्मिक केंद्र श्री मुनि आश्रम बालाजी मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव का पर्व अगाध श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। पावन पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में शहरवासियों ने भक्ति की गंगा में डुबकी लगाई। कार्यक्रम का शुभारंभ शाम सात बजे मारवाड़ी युवा मंच के सानिध्य में हुआ। मंच के सदस्यों द्वारा प्रस्तुत संगीतमय हनुमान चालीसा के पाठ ने संपूर्ण परिसर को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। इसके पश्चात रात्रि साढ़े बजे भव्य महाआरती का आयोजन हुआ।
जिसमें उपस्थित हजारों श्रद्धालुओं के जयकारों से आसमान गूंज उठा। इस पावन अवसर पर शाकंभरी स्थित मुनि आश्रम से पधारे महाराज दीपकदास ने हनुमान चालीसा एवं महाआरती में विशेष रूप से भाग लिया। पाटोदिया परिवार की ओर से प्रदीप पाटोदिया ने महाराज जी का माल्यार्पण कर और शॉल ओढ़ाकर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। हनुमान जन्मोत्सव के इस पावन अवसर पर राजनीति और समाजसेवा से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियों ने बालाजी महाराज के दरबार में मत्था टेका और आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्य रूप से झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भांबू, पूर्व सांसद नरेंद्र कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षिनी कुलहरि, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री डॉ. अरूणा सिहाग, भाजपा के पूर्व जिला मंत्री महेंद्र चंदवा तथा मुरारी सैनी आदि प्रमुख रहे। ट्रस्ट के प्रदीप पाटोदिया ने बताया कि जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में बालाजी महाराज को 56 भोग का विशेष प्रसाद अर्पित किया गया। महाआरती के उपरांत रात को विशाल भंडारे (महाप्रसाद) का आयोजन हुआ। जिसमें सभी आगंतुकों ने बड़े चाव से प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम को सफल बनाने और अतिथियों के स्वागत-सत्कार में पाटोदिया परिवार एवं ट्रस्ट के सदस्य पूरी तन्मयता से जुटे रहे। इस दौरान प्रदीप पाटोदिया, जगदीश प्रसाद पाटोदिया, जुगल किशोर पाटोदिया, सुरेश पाटोदिया, राजेश पाटोदिया, पंकज पाटोदिया, अमित पाटोदिया और अंकित पाटोदिया ने सभी आगंतुकों का आतिथ्य सत्कार किया। ट्रस्ट के कर्मठ कार्यकर्ता प्रकाश शर्मा, मोहनलाल बियाला एवं परमेश्वर हलवाई सहित अन्य सहयोगियों ने व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संभाला। रंग-बिरंगी रोशनी और सुगंधित फूलों से सजा मंदिर परिसर अपनी अलौकिक आभा बिखेर रहा था। विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के पदाधिकारियों और सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा को और बढ़ा दिया।

















