खिरोड़ । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
गोल्याणा में स्थित भृगु ऋषि गौशाला में महंत योगीदास महाराज के द्वारा की जा रही 41 जलधारा साधना का बुधवार को समापन हो गया। गौरतलब है कि 23 जनवरी से चार मार्च तक लगातार सुबह तीन बजे से 108 कलशों से जलधारा स्नान किया गया था। समापन के अवसर पर सर्वमंगल कामना हवन किया गया। जिसमें हजारों आहुतियां दी गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नवलगढ़ विधायक विक्रम सिंह जाखल थे। विधायक विक्रम सिंह जाखल का भृगु ऋषि गौशाला समिति की ओर से माल्यार्पण कर एवं साफा पहनाकर अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में सैंकड़ों की संख्या में संत महात्माओं का आगमन हुआ। जिनका समिति द्वारा महंत योगीदास महाराज के नेतृत्व में सत्कार किया गया। गौशाला समिति की ओर से गौरक्षकों व गौशाला में सहयोग करने वाले भामाशाहों का भी दुपट्टा व प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। आयोजक गौशाला महंत योगीदास महाराज ने पधारे हुए अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान प्रसादी भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन कवि किशोर पारीक ने किया। कार्यक्रम में सैंकड़ों महिलाएं, गौरक्षक एवं ग्रामीण मौजूद रहे।















