ग्रामीणों ने झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भाम्बू का जताया आभार



झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
दोरासर गांव के किसानों को अब अल्पकालीन फसली ऋण, खाद और बीज के लिए दूसरे गांवों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। सरकार ने दोरासर में सहकारी समिति की स्थापना के आदेश जारी कर दिए हैं। आदेश जारी होने के बाद गांव में खुशी की लहर हैं। ग्रामीणों ने पूर्व सरपंच अर्जुन महला की अगुवाई में झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भांबू के जनसुनवाई केंद्र पहुंचकर उनका आभार व्यक्त किया। पूर्व सरपंच अर्जुन महला ने बताया कि अब तक दोरासर गांव में सहकारी समिति नहीं होने के कारण किसानों को ऋण, खाद और बीज जैसी सुविधाओं के लिए कुलोठ कलां गांव जाना पड़ता था। साधनों के अभाव में कई किसान पैदल ही वहां तक जाते थे। इससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। ग्रामीणों ने लंबे समय से गांव में सहकारी समिति की स्थापना की मांग की थी। इस संबंध में उन्होंने विधायक राजेंद्र भांबू को समस्या से अवगत कराया था। विधायक भांबू के प्रयासों से अब दोरासर में सहकारी समिति की स्थापना के आदेश जारी हुए हैं। विधायक राजेंद्र भांबू ने कहा कि दोरासर के किसानों को अब फसली ऋण और कृषि संसाधनों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। सहकारी समिति बनने से किसानों को गांव में ही सभी कृषि सुविधाएं उपलब्ध होंगी।














