दो गाड़ियों में सवार होकर आए 6-7 युवकों ने दुकान पर किया हमला, जमकर तोड़फोड़ , बीच-बचाव करने आए पिता और भाई से भी मारपीट


चिड़ावा। झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
क्षेत्र के लाखू गांव में मामूली कहासुनी ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। सरकारी आईटीआई के सामने सोमवार शाम पानी की बोतल के बकाया पैसों को लेकर हुए विवाद की रंजिश में एक दुकानदार पर सरियों से हमला कर उसका सिर फोड़ दिया गया। आरोप है कि दो गाड़ियों में सवार होकर आए 6-7 युवकों ने दुकान पर धावा बोलते हुए दुकानदार के साथ मारपीट की और दुकान के गल्ले व काउंटर में जमकर तोड़फोड़ की।
युवकों ने बीच-बचाव करने आए दुकानदार के पिता और भाई को भी नहीं बख्शा। अचानक हुई इस वारदात से गांव में हड़कंप मच गया। पीड़ित दुकानदार विक्रम स्वामी ने पुलिस को दी जानकारी में बताया कि सोमवार शाम करीब 4 बजे लाखू निवासी विक्रम यादव उसकी दुकान पर पानी की बोतल और अन्य सामान खरीदने आया था। सामान देने के बाद जब उसने पैसे मांगे तो आरोपी ने भुगतान करने से इनकार कर दिया और गाली-गलौज करने लगा। इस दौरान आरोपी के एक साथी ने दुकानदार को पैसे चुका दिए , जिससे उस समय विवाद शांत हो गया, लेकिन आरोप है कि विक्रम यादव इस बात को लेकर रंजिश रखने लगा।
पीड़ित के अनुसार, शाम करीब 7:30 बजे विक्रम यादव अपने 6-7 अन्य साथियों के साथ दो गाड़ियों में सवार होकर अचानक दुकान पर पहुंचा।आरोपियों ने दुकान के गल्ले पर बैठे विक्रम स्वामी को संभलने का मौका दिए बिना सरियों से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान हो गया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आरोप है कि हमलावरों ने दुकान के गल्ले और काउंटर पर रखा सामान तोड़कर बिखेर दिया।
शोर सुनकर दुकानदार के भाई मुकेश और पिता हनुमान बीच-बचाव करने पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। इस दौरान दुकान पर सामान खरीदने आए ग्राहकों के साथ भी धक्का-मुक्की और बदसलूकी की गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद परिजन घायल विक्रम स्वामी को राजकीय उप जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। मामूली बकाया राशि को लेकर दुकान पर इस तरह हमला किए जाने की घटना से ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।












