Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं खेतड़ीनगर में नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश , अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली...

खेतड़ीनगर में नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश , अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली नशामुक्ति की शपथ

खेतड़ीनगर में केसीसी अधिकारियों और कर्मचारियों ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत नशामुक्ति की शपथ ली

केसीसी महाप्रबंधक वीके इंद्रा बोले – नशे की बढ़ती प्रवृत्ति युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चिंता का विषय , स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का किया आह्वान

खेतड़ी। झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
खेतड़ीनगर में मंगलवार को केसीसी प्रशासन भवन के सभागार में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ ली। वक्ताओं ने नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए युवाओं को इससे दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केसीसी महाप्रबंधक (सांद्रण) वीके इंद्रा रहे , जबकि अध्यक्षता डॉ. दीपिका खुराना ने की।

मुख्य अतिथि वीके इंद्रा ने कहा कि समाज में लगातार बढ़ रही नशे की प्रवृत्ति युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है। नशा न केवल व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि उसके परिवार और सामाजिक जीवन पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग से नशामुक्ति अभियान को जनआंदोलन बनाने के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने स्वस्थ जीवन के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार को आवश्यक बताते हुए कहा कि भोजन की गुणवत्ता का सीधा संबंध शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता और बेहतर स्वास्थ्य से है।

हमारी रसोई ही सबसे बड़ा औषधालय है, इसलिए परिवारों में पौष्टिक एवं प्राकृतिक खाद्य पदार्थों के उपयोग को प्राथमिकता देनी चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं डॉ. दीपिका खुराना ने बच्चों एवं युवाओं के खानपान, स्वास्थ्य और दैनिक जीवनशैली से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वस्थ आदतें अपनाकर नशे जैसी बुराइयों से दूर रहा जा सकता है। उन्होंने नशे से होने वाले शारीरिक एवं सामाजिक नुकसान के प्रति जागरूक करते हुए सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा दी।

इस दौरान मोनिका ने नशा मुक्त भारत अभियान के उद्देश्यों एवं गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने तथा स्वयं नशे से दूर रहने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विपिन शर्मा, जयंत मुखोपाध्याय, कमलेश कुमार, मोहम्मद उस्मान, श्यामलाल सैनी, देवेंद्र वर्मा, राजेश डंडेल, इंद्रा कुमार, चरणसिंह, हसरत हुसैन, मोनिका, डॉ. प्रमोद, डॉ. रेणु, पार्वती, सुधा शर्मा, लक्ष्मी, अनूप सिंह, शेरसिंह निर्वाण सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्यजन मौजूद रहे।

Advertisement