Advertisement
Home झुंझुनूं सिंघाना राज्य स्तरीय कराटे में झुंझुनूं का दमदार प्रदर्शन, 3 रजत और 7...

राज्य स्तरीय कराटे में झुंझुनूं का दमदार प्रदर्शन, 3 रजत और 7 कांस्य पदकों पर जमाया कब्जा

झुंझुनूं के राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में पदक विजेता खिलाड़ियों को जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने सम्मानित किया

जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने पदक विजेता खिलाड़ियों का किया सम्मान , तीन रजत पदक विजेताओं का राष्ट्रीय स्तरीय कैंप के लिए चयन

झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में झुंझुनूं जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। 70वीं राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों ने तीन रजत और सात कांस्य सहित कुल 10 पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में रजत पदक हासिल करने वाले तीन खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तरीय कैंप के लिए चयन हुआ है। इस उपलब्धि पर जिला मुख्यालय पर जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने पदक विजेता खिलाड़ियों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

सम्मान समारोह में लोक सेवा की सहायक निदेशक शिवा चौधरी एवं सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु सिंह भी मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों की उपलब्धि की सराहना करते हुए इसे जिले की खेल प्रतिभाओं, कड़ी मेहनत और अनुशासन का परिणाम बताया।

48 खिलाड़ियों ने लिया भाग, 10 पदक जीतकर बढ़ाया जिले का मान

शारीरिक शिक्षक रणवीर एवं कोच राकेश सैनी ने बताया कि 70वीं राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता का आयोजन 30 सितंबर से 7 अक्टूबर तक श्रीगंगानगर जिले के सादुलशहर में किया गया। प्रतियोगिता में झुंझुनूं जिले के 48 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने विभिन्न मुकाबलों में दमदार प्रदर्शन करते हुए तीन रजत और सात कांस्य पदक अपने नाम किए। रजत पदक विजेता खिलाड़ियो मे अंतिम कुमारी, रिहान खान एवं भविष्य शर्मा शामिल हैं । वहीं कांस्य पदक विजेता खिलाड़ियो में वासु सोमरा, वर्षा मान, गौरव सैनी, नमन, मनीष, हनी वर्मा एवं चेतन शामिल हैं ।

इन खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से जिले को गौरवान्वित किया। प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों की उपलब्धि से खेल जगत में उत्साह का माहौल है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में रजत पदक हासिल करने वाले अंतिम कुमारी, रिहान खान एवं भविष्य शर्मा का राष्ट्रीय स्तरीय कैंप के लिए चयन हुआ है। कैंप में खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में स्थान बनाने का अवसर मिल सकता है।

तीन खिलाड़ियों का चयन जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे अन्य उभरते खिलाड़ियों को भी बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी। जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनकी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण की सराहना की। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी तरह मेहनत करते हुए राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। समारोह में उपस्थित अतिथियों ने भी खिलाड़ियों की उपलब्धियों की प्रशंसा की और उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर डॉ. गजानंद सैनी, रिंकू, अभिषेक सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Advertisement