Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं विश्वकर्मा मंदिर में महिला योग शिविर – योगाभ्यास से स्वस्थ जीवन का...

विश्वकर्मा मंदिर में महिला योग शिविर – योगाभ्यास से स्वस्थ जीवन का संदेश , तीसरे दिन भी दिखा महिलाओं में उत्साह

झुंझुनूं के विश्वकर्मा मंदिर में डॉ. पूनम सिंघल के मार्गदर्शन में आयोजित महिला योग शिविर में योगाभ्यास करती महिलाएं

डॉ. पूनम सिंघल के मार्गदर्शन में महिलाएं कर रहीं योगासन और प्राणायाम, प्रतिदिन सुबह 5:30 से 7 बजे तक हो रहा अभ्यास

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
शहर के विश्वकर्मा मंदिर में आयोजित सात दिवसीय महिला योग शिविर के तीसरे दिन महिलाओं में योगाभ्यास के प्रति खासा उत्साह देखने को मिला। शिविर में महिलाएं नियमित रूप से योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कर शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा के महत्व को समझ रही हैं। शिविर के माध्यम से महिलाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और योग को अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। योग शिक्षिका डॉ. पूनम सिंघल के मार्गदर्शन में प्रतिदिन सुबह 5:30 से 7 बजे तक योगाभ्यास करवाया जा रहा है। शिविर में विभिन्न योगासन, प्राणायाम और श्वास संबंधी अभ्यासों के माध्यम से महिलाओं को नियमित योग के लाभों की जानकारी दी जा रही है।

डॉ. पूनम सिंघल ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास शरीर को स्वस्थ रखने, तनाव कम करने, मन को शांत रखने और दिनचर्या को बेहतर बनाने में सहायक है। योग को दैनिक जीवन में शामिल करके व्यक्ति अपनी जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव ला सकता है। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें और प्रतिदिन कुछ समय योगाभ्यास के लिए अवश्य निकालें। शिविर का उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा योग के माध्यम से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना है। शिविर में गायत्री शर्मा, टीना जगनानी, खुशी वर्मा, रेणु, कविता केडिया, दिव्या, मोहन कुमावत, पवन सिंघल और अजीत शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Advertisement