Advertisement
Home राजस्थान चूरू पीएमश्री बागला स्कूल में जिला स्तरीय प्रबल कार्यक्रम आयोजित

पीएमश्री बागला स्कूल में जिला स्तरीय प्रबल कार्यक्रम आयोजित

चूरू के पीएमश्री राजकीय बागला उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित जिला स्तरीय प्रबल कार्यक्रम की भाषण प्रतियोगिता

आठ ब्लॉकों के 16 प्रतिभागियों ने भाषण प्रतियोगिता में लिया भाग, एआई, जलवायु परिवर्तन और रोजगार जैसे विषयों पर रखे विचार

चूरू। पीएमश्री राजकीय बागला उच्च माध्यमिक विद्यालय, चूरू में जिला स्तरीय प्रबल कार्यक्रम के तहत भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें जिले के आठ ब्लॉकों के 16 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का प्रभाव, जलवायु परिवर्तन, राजस्थान के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर और ‘हमारा पर्यावरण-हमारा भविष्य’ जैसे समसामयिक विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी संतोष महर्षि ने कहा कि प्रबल कार्यक्रम विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने और आत्मविश्वास विकसित करने का सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मकता, तार्किक क्षमता और अभिव्यक्ति कौशल प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। उन्होंने विद्यार्थियों को समसामयिक विषयों के साथ नवाचार और तकनीकी ज्ञान के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा दी। अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक सरिता आत्रेय ने कहा कि विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों का अध्ययन कर अपने विचार स्पष्टता और तर्क के साथ प्रस्तुत करने चाहिए। जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक ओमप्रकाश प्रजापत ने सर्वांगीण विकास में सह-शैक्षणिक गतिविधियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। सहायक निदेशक शिवराज सिंह ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को वर्तमान चुनौतियों और संभावनाओं को समझने तथा भविष्य के लिए तैयार होने का अवसर देती हैं।

फलक अंसारी और सिकन्दर सिंह रहे प्रथम

प्रतियोगिता में छात्रा वर्ग में फलक अंसारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि राजकीय बागला उच्च माध्यमिक विद्यालय की दीपिका शर्मा द्वितीय स्थान पर रहीं। छात्र वर्ग में सिकन्दर सिंह ने प्रथम स्थान हासिल किया। विजेता प्रतिभागियों को प्रतीक चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।प्रतियोगिता में एडीपीसी सरिता आत्रेय, डाइट प्राचार्य ओमप्रकाश प्रजापत, सहायक निदेशक शिवराज सिंह, प्रधानाचार्य बबिता सैनी, छात्रा प्रिया और छात्र अभिनव ने निर्णायक की भूमिका निभाई।कार्यक्रम में एपीसी प्रेम सिंह इन्दा, पीओ तेजपाल सिंह और उप प्राचार्य विजयपाल धुंवा सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य बबिता सैनी ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम प्रभारी डॉ. विनय सोनी ने आयोजन का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया तथा संचालन भी किया।कार्यक्रम को सफल बनाने में राकेश पुनिया, रमेश पुनिया, संजू, गायत्री, अब्बास खान, अमित सैनी, याकूब खान और गौरीशंकर सहित अन्य सहयोगियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Advertisement