Advertisement
Home राजस्थान हनुमानगढ गुरुद्वारा सिंघ सभा के नए भवन के प्रथम तल का लेंटर लगा

गुरुद्वारा सिंघ सभा के नए भवन के प्रथम तल का लेंटर लगा

हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित गुरुद्वारा सिंघ सभा के निर्माणाधीन नए भवन के प्रथम तल का लेंटर डालने के अवसर पर मौजूद सिख संगत

आधुनिक सुविधाओं से तैयार हो रहा भवन, 100 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर निर्माण

हनुमानगढ़।हिमांशु मिड्ढा
जंक्शन स्थित गुरुद्वारा सिंघ सभा हनुमानगढ़ जंक्शन में निर्माणाधीन नए गुरुद्वारा भवन के प्रथम तल का लेंटर रविवार को गुरु की अरदास के पश्चात श्रद्धा और उत्साह के साथ लगाया गया। लेंटर डालने के अवसर पर बड़ी संख्या में सिख संगत मौजूद रही और निर्माण कार्य की सफलता के लिए अरदास की गई। इस मौके पर विधायक गणेशराज बंसल, पूर्व सभापति सुमित रणवां, नगर परिषद सभापति मंजू रणवां, उपसभापति सोनू बंसल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने शिरकत की।

गुरुद्वारा प्रधान नक्षत्र सिंह ने बताया कि नए गुरुद्वारा भवन का निर्माण समस्त शहरवासियों और सिख संगत के सहयोग से कराया जा रहा है। भवन को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाने के साथ वर्तमान समय की आवश्यकताओं और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर इसकी योजना तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि प्रयास है कि यह भवन आगामी 100 वर्षों तक संगत के लिए सुविधाजनक और उपयोगी बना रहे।

उन्होंने बताया कि गुरुद्वारा साहिब परिसर में करीब 16 हजार स्क्वेयर फुट क्षेत्र में अंडरग्राउंड पार्किंग का निर्माण किया गया है। ग्राउंड फ्लोर पर करीब 10 हजार स्क्वेयर फुट क्षेत्र में प्रथम दरबार साहिब का निर्माण प्रस्तावित है, जबकि प्रथम तल पर लगभग 7 हजार स्क्वेयर फुट क्षेत्र में दूसरे दरबार साहिब का निर्माण होगा। पार्किंग व्यवस्था से बाजार क्षेत्र में बढ़ते यातायात के दबाव को कम करने के साथ संगत को भी सुविधा मिलने की उम्मीद है।

नक्षत्र सिंह ने बताया कि गुरुद्वारा भवन के निर्माण में संगत के सुझावों और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। भवन में लगाए जाने वाले गुमट विशेष डिजाइन के होंगे। इसके अलावा गुरुद्वारा साहिब में उपयोग होने वाली कई आधुनिक सुविधाओं को विदेशों में प्रचलित तकनीक के अनुरूप विकसित किया जाएगा। इससे भवन को लंबे समय तक मजबूत, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाए रखने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य चरणबद्ध तरीके से तेजी से चल रहा है और इसमें शहरवासियों व संगत का भरपूर सहयोग मिल रहा है। प्रबंधन समिति का उद्देश्य धार्मिक आस्था और परंपराओं के साथ आधुनिक व्यवस्थाओं का बेहतर समन्वय करते हुए ऐसा भवन तैयार करना है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए भी उपयोगी रहे।

इस अवसर पर प्रधान नक्षत्र सिंह, सचिव कर्मजीत सिंह, उपसभापति दलवारा सिंह, गुरपाल सिंह, कुलदीप सिंह, चरण सिंह, पूर्व प्रधान इन्द्र सिंह मक्कासर, चरण सिंह, जंगीर सिंह, बलकरण सिंह, दयाल सिंह, रविन्द्र सिंह सरपंच, अमित महेश्वरी, पार्षद नवीन बकोलिया, प्रेम सिंह कमरानी, महंगा सिंह, ग्रंथी प्रीतम सिंह, मैनेजर राजेन्द्र सिंह, सतीश बंसल, बलवीर सिंह, डॉ. श्रीराम, लखवीर सिंह सहित बड़ी संख्या में संगत मौजूद रही।

Advertisement