अमृत भारत स्टेशन योजना के काम में तेजी लाने के निर्देश, यात्रियों की सुविधाओं पर दिया जोर
चूरू। उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने शनिवार को चूरू रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों को देखा और अधिकारियों से काम की प्रगति की जानकारी ली।जीएम ने स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया, उच्च श्रेणी प्रतीक्षालय, टिकट खिड़की, पार्किंग सहित कई जगहों का निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रियों को मिल रही सुविधाओं की भी जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान पंकज शर्मा ने अधिकारियों से निर्माण कार्य की गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि स्टेशन पर चल रहे सभी काम तय मानकों के अनुसार होने चाहिए। साथ ही निर्माण कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
कमियां जल्द दूर करने के निर्देश
महाप्रबंधक ने स्टेशन पर जहां भी काम अधूरा है या कोई कमी दिखाई दे रही है, उसे जल्द दूर करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को यात्रियों की सुविधा को सबसे ज्यादा प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।निरीक्षण के बाद दोपहर करीब 2 बजे पंकज शर्मा ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चूरू रेलवे स्टेशन पर अच्छा काम हुआ है। रेलवे की ओर से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान जो कमियां सामने आई हैं, उन्हें दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को पुनर्विकास कार्यों में तेजी लाने के साथ-साथ गुणवत्ता बनाए रखने को भी कहा गया है।














