जूनियर वर्ग में अरावली और सीनियर वर्ग में विंध्या सदन ने हासिल किया प्रथम स्थान
झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
शहर के गौरव पथ स्थित एस.एस. मोदी विद्या विहार में अंतर्सदनीय अंग्रेजी वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने समसामयिक विषयों पर पक्ष-विपक्ष में प्रभावशाली तर्क प्रस्तुत कर अपनी अंग्रेजी भाषा पर पकड़, तार्किक क्षमता और आत्मविश्वास का परिचय दिया। प्रतियोगिता को दो वर्गों में विभाजित किया गया। जूनियर वर्ग में कक्षा 6 से 8 तथा सीनियर वर्ग में कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों ने भाग लिया। जूनियर वर्ग के लिए ‘डज एडवर्टाइजिंग अफेक्ट चिल्ड्रन अनफेयरली’ तथा सीनियर वर्ग के लिए ‘शुड लॉ चेंज विद सोशल वैल्यूज’ विषय रखा गया। दोनों वर्गों के प्रतिभागियों ने विषय के पक्ष और विपक्ष में बेबाकी से अपने विचार रखते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में विद्यालय के अकादमिक निदेशक रॉय सी. पॉल एवं प्राचार्य विजय मसीह ने आगंतुक अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। प्राचार्य विजय मसीह ने विद्यार्थियों को प्रतियोगिता के नियमों की जानकारी दी तथा निर्णायक मंडल का परिचय कराया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को प्रत्येक प्रतियोगिता में पूरी तैयारी और उत्साह के साथ भाग लेना चाहिए, क्योंकि ऐसे आयोजन प्रतिभा को निखारने के साथ आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर देते हैं। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में छत्रपाल सिंह, सैनिक स्कूल, झुंझुनूं, अमर सिंह, जी.बी. मोदी विद्यालय, झुंझुनूं तथा एनी मसीह शामिल रहे। निर्णायक छत्रपाल सिंह ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यह मंच विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने का अवसर है। उन्होंने कहा कि सभी प्रतिभागियों ने अपनी बात प्रभावी ढंग से रखी, जिसके कारण निर्णय करना काफी कठिन रहा। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर कठिन परिश्रम करने और प्रत्येक गतिविधि में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। साथ ही, उन्होंने कहा कि एक अच्छे वक्ता के साथ-साथ अच्छा श्रोता बनना भी जरूरी है। प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में अरावली सदन प्रथम, विंध्या सदन द्वितीय और हिमालय सदन तृतीय स्थान पर रहा। वहीं सीनियर वर्ग में विंध्या सदन ने प्रथम, हिमालय सदन ने द्वितीय और अरावली सदन ने तृतीय स्थान हासिल किया। समापन अवसर पर प्राचार्य विजय मसीह ने निर्णायक मंडल एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया तथा उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। भवि सुगंध एवं सुमायरा ने मंच संचालन किया। विद्यालय स्टाफ ने विजेता सदनों के विद्यार्थियों को बधाई दी। विद्यालय के मुम्बई प्रवासी ट्रस्टी शशिकांत मोदी, गिलूराम मोदी, सौरभ मोदी, प्रियंक मोदी एवं कनिका मोदी तथा विद्यालय समन्वयक मनीष अग्रवाल ने विजेता विद्यार्थियों को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।










