जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरूण गर्ग की मतदाताओं से अपील — बिना भय, दबाव और प्रलोभन के करें मतदान, आज 10 निकायों में होगा मतों का महासंग्राम, 1.87 लाख मतदाता चुनेंगे शहर की सरकार, 277 वार्डों में 1,213 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में होगी बंद; सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के दूसरे चरण में शुक्रवार को झुंझुनूं जिले की 10 नगरीय निकायों में मतदान होगा। इस चरण में 277 वार्डों के लिए होने वाला मतदान 1,213 प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेगा। जिले में मतदान को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
मतदाता शुक्रवार सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरूण गर्ग ने बताया कि दूसरे चरण के लिए 281 मतदान बूथ निर्धारित किए गए हैं। इन बूथों पर कुल 1,87,264 मतदाता मतदान करेंगे। इनमें 97,720 पुरूष और 89,544 महिला मतदाता शामिल हैं। दूसरे चरण में कुल 1,213 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं।
चिड़ावा में सबसे ज्यादा मतदाता, सिंघाना में सबसे ज्यादा प्रत्याशी
दूसरे चरण में चिड़ावा नगर पालिका में 45 वार्डों के लिए 48 मतदान बूथ बनाए गए हैं। यहां 46,049 मतदाता हैं, जिनमें 24,033 पुरूष और 22,016 महिला मतदाता हैं। चिड़ावा में 209 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। मंड्रेला के 24 वार्डों में 83 बूथों पर 11,619 मतदाता मतदान करेंगे। इनमें 6,273 पुरूष और 5,346 महिला मतदाता हैं। यहां 83 प्रत्याशी मैदान में हैं। पिलानी के 35 वार्डों के लिए 36 बूथ निर्धारित किए गए हैं। यहां 24,034 मतदाता हैं, जिनमें 12,413 पुरूष और 11,621 महिला मतदाता हैं।
पिलानी में 177 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। विद्याविहार में 25 वार्डों के लिए 25 बूथ बनाए गए हैं। यहां 8,254 मतदाता हैं, जिनमें 4,193 पुरुष और 4,061 महिला मतदाता शामिल हैं। यहां 88 प्रत्याशी मैदान में हैं। सूरजगढ़ में 25 वार्डों के लिए 25 बूथ निर्धारित किए गए हैं। यहां 17,619 मतदाता हैं। इनमें 9,094 पुरूष और 8,525 महिला मतदाता हैं। सूरजगढ़ में 119 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
बुहाना में 20 वार्डों के लिए 20 बूथ बनाए गए हैं। यहां 8,128 मतदाता हैं, जिनमें 4,250 पुरूष और 3,878 महिला मतदाता हैं। कुल 89 प्रत्याशी मैदान में हैं। सिंघाना में 35 वार्डों के लिए 35 मतदान बूथ निर्धारित किए गए हैं। यहां 20,630 मतदाता हैं, जिनमें 10,928 पुरूष और 9,702 महिला मतदाता शामिल हैं। सिंघाना में सबसे अधिक 221 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
मंडावा के 25 वार्डों में 25 बूथों पर 19,636 मतदाता मतदान करेंगे। इनमें 10,226 पुरूष और 9,410 महिला मतदाता हैं। यहां 63 प्रत्याशी मैदान में हैं।
बिसाऊ में 23 वार्डों के लिए 23 बूथ निर्धारित हैं। यहां 19,604 मतदाता हैं, जिनमें 10,214 पुरूष और 9,390 महिला मतदाता हैं। कुल 75 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। मलसीसर में 20 वार्डों के लिए 20 बूथ बनाए गए हैं। यहां 11,691 मतदाता हैं, जिनमें 6,096 पुरूष और 5,595 महिला मतदाता हैं। कुल 89 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
डॉ. अरूण गर्ग की मतदाताओं से अपील—बिना भय, दबाव और प्रलोभन के करें मतदान
“आपका एक वोट लोकतंत्र की दिशा तय करता है” जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरूण गर्ग ने जिले के सभी मतदाताओं से विशेष अपील की है कि वे शुक्रवार, 11 सितंबर को निर्धारित समय में अपने मतदान केन्द्र पर पहुंचकर बिना किसी भय, दबाव अथवा प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
डॉ. गर्ग ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक मतदाता की भागीदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे मतदान दिवस पर घर से निकलें और स्वतंत्र एवं निर्भीक होकर अपने पसंदीदा प्रतिनिधि के पक्ष में मतदान करें। लोकतंत्र की मजबूती केवल चुनाव कराने से नहीं, बल्कि हर पात्र मतदाता की सक्रिय भागीदारी से सुनिश्चित होती है।












