रोडवेज बस स्टैंड के पास युवक की संदिग्ध मौत, पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

घर से काम के लिए निकला था 30 वर्षीय जगदीश सोनी, देर रात सड़क किनारे अचेत मिला; मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

चूरू। चूरू शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में नया बस स्टैंड रोड के पास मंगलवार देर रात एक 30 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने बुधवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान वार्ड संख्या तीन निवासी जगदीश सोनी (30) के रूप में हुई है। मृतक के भाई विकास सोनी ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट देकर बताया कि जगदीश 18 अगस्त की शाम करीब 8 बजे किसी काम से घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।इसी दौरान परिजनों को जानकारी मिली कि नया बस स्टैंड रोड के पास एक युवक सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। गश्त कर रही कोतवाली थाना पुलिस की टीम ने युवक को देखा और तत्काल राजकीय अस्पताल पहुंचाया। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे। अस्पताल चौकी प्रभारी एएसआई सुरेश कुमार के अनुसार मृतक के भाई की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज की गई है। बुधवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या कारण रहे, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।