अपराध पर सख्ती, ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार और नशे के कारोबार पर कार्रवाई का दिया भरोसा, आमजन से बेहतर संवाद पर रहेगा फोकस

चूरू।अमित कुमार
चूरू कोतवाली के नवनियुक्त थानाधिकारी गौरव खिड़िया ने गुरुवार को विधिवत कार्यभार ग्रहण कर अपनी जिम्मेदारियां संभाल लीं। पदभार संभालने के बाद उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना, नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण उनकी कार्यशैली का प्रमुख आधार रहेगा।उन्होंने कहा कि कानून का उल्लंघन करने वाले या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ बिना किसी ढिलाई के कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की प्राथमिकता अपराध पर अंकुश लगाने के साथ-साथ लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना भी होगी।थानाधिकारी ने बताया कि शहर में मादक पदार्थों की तस्करी और इससे जुड़े अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने यह भी कहा कि देर रात तेज गति से वाहन दौड़ाने, स्टंटबाजी करने, मॉडिफाइड साइलेंसर से ध्वनि प्रदूषण फैलाने तथा सार्वजनिक शांति भंग करने वाले तत्वों को किसी प्रकार की छूट नहीं दी जाएगी।सीआई गौरव खिड़िया ने पुलिस और आमजन के बीच विश्वास एवं सहयोग को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि थाने में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की शिकायत को गंभीरता से सुना जाएगा और निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि जनसहयोग से शहर में बेहतर कानून-व्यवस्था और सुरक्षित माहौल कायम रखा जा सकेगा।











