शराब के नशे में पत्नी-बच्चों से मारपीट, पुलिस से उलझने पर व्यक्ति गिरफ्तार

ओम कॉलोनी में हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस, ब्रेथ एनालाइजर जांच में शराब पीने की हुई पुष्टि

चूरू। सदर थाना पुलिस ने ओम कॉलोनी में शराब के नशे में पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट करने तथा पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी को शनिवार को एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां उसे पाबंद कराया गया।सदर थाना पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ओम कॉलोनी में एक व्यक्ति शराब के नशे में अपनी पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट कर रहा है तथा गाली-गलौज कर रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची।मौके पर मौजूद महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पति शराब पीकर आए दिन उसके और बच्चों के साथ मारपीट करता है। इसी दौरान आरोपी घर से बाहर निकला और पुलिस को देखकर उग्र हो गया। उसने गाली-गलौज करते हुए पुलिस को सूचना देने वाले व्यक्ति को जान से मारने की धमकी दी।पुलिसकर्मियों ने आरोपी को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना और आक्रामक व्यवहार करने लगा। पुलिस के अनुसार आरोपी पुलिस टीम की ओर भी मारपीट के इरादे से बढ़ा, जिसके बाद उसे काबू कर पूछताछ की गई।पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राकेश कुमार निवासी ओम कॉलोनी बताया। पुलिस ने उसका ब्रेथ एनालाइजर से परीक्षण कराया, जिसमें शराब का सेवन करना प्रमाणित हुआ।शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा संभावित अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर एसडीएम कोर्ट में पेश किया, जहां उसे पाबंद किया गया।

कार्रवाई के प्रमुख बिंदु

  • ओम कॉलोनी में मारपीट और हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस
  • पत्नी और बच्चों से मारपीट का आरोप
  • पुलिस से गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप
  • ब्रेथ एनालाइजर जांच में शराब सेवन की पुष्टि
  • आरोपी को गिरफ्तार कर एसडीएम कोर्ट में किया पेश