योग केवल व्यायाम मात्र नहीं, शरीर के साथ मन को भी स्वस्थ बनाता है योग
खेतड़ी । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
खेतड़ी के ऐतिहासिक पोलो ग्राउंड खेल मैदान में रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। इस दौरान उपखंड स्तर के अधिकारियो सहित कस्बे के लोगों ने भाग लेकर योगा अभ्यास किया। योगाचार्य बलराज सिंह, प्रेमप्रकाश सैनी, पवन कुमार ने उपस्थित लोगों को योगाभ्यास के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी देकर उन्हें योग करवाए गए। पूर्व ब्लाक आयुर्वेद अधिकारी डॉ. कमलेश शर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि योग केवल व्यायाम मात्र नहीं है, यह शरीर के साथ मन को भी स्वास्थ्य रखता है। शरीर मन को डिटॉक्स कर स्वास्थ्य बनाता है, लेकिन इसमें निरंतर अभ्यास की जरूरत होती है। मनुष्य की उम्र को लेकर कोई बाधा नहीं होती है। मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए प्रत्येक व्यक्ति की दिनचर्या में योग का शामिल होना महत्वपूर्ण माना गया है। पूर्व के समय में योग करना अधिक उम्र के लोगों के लिए माना गया था, लेकिन आज बढ़ती बीमारियों को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति के जीवन का हिस्सा बन रहा है और यह काफी उपयोगी साबित भी हो रहा है। योग शरीर को पूर्ण रूप से मेंटेन करते हुए शरीर को अपनी क्रियाओं के अनुसार कार्य करने के लिए तंदुरुस्त बनाता है। योग एक ऐसी विद्या है जो शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और नैतिक स्तर पर स्वस्थ बनाए रखने में सहायता करता है। स्वस्थ रहने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को खानपान पर विशेष ध्यान देना चाहिए। आज के समय में बढ़ती मौसमी बीमारियों के चलते मनुष्य का शरीर अनेक गंभीर बीमारियों से घिरने लगा है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक होकर निरोगी रहने के लिए योग का निरंतर रूप से उपयोग करना चाहिए। विधायक इंजी धर्मपाल गुर्जर ने कहा कि योग के जरिए भारत ने पूरे विश्व में अपनी अलग पहचान बनाई है। इसलिए योग में भारत को विश्व गुरु माना गया है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को योग की प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी देकर उनसे होने वाले फायदे के बारे में अवगत करवाया गया। इस मौके पर एसडीएम सुनील चौहान, तहसीलदार सुनील कुमार, बीसीएमओ डॉ. हरीश यादव, पीएमओ डॉ. अक्षय शर्मा, सीबीईओ अनुकंपा अरडावतिया, पूर्व पालिकाध्यक्ष विजेश शाह, ईओ नागरमल गुर्जर, पूर्व प्रधान मदन लाल गुर्जर, निखिल शर्मा, नगेंद्र सिंह सोढ़ा, नंदकिशोर चौकड़ीवाला, रेंजर पवन सिंह शेखावत, पूनम सैनी, बलवीर चौधरी, सुरेंद्र गुर्जर, संजय भूरिया, विनोद मिश्रा, सहित अनेक लोग मौजूद थे।










