गाड़ाखेड़ा में आयोजित रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन, नवलगढ़ को हराकर झुंझुनूं बनी विजेता

खेतड़ी ॥ सिंघाना पंचायत समिति के गांव गाड़ाखेड़ा में आयोजित रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबले के साथ समापन हो गया। फाइनल मैच एके फैशन झुंझुनूं और नवलगढ़ की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें झुंझुनूं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व पंचायत समिति सदस्य विजेंद्र भास्कर रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता बालवीर पचार ने की। विशिष्ट अतिथियों में नेतराम यादव, बिरजू सिंह राजपूत, अरविंद भास्कर, जय सिंह भास्कर, सत्यवीर भास्कर एवं सूबेसिंह भास्कर शामिल रहे। नवयुवक मंडल सदस्य ने बताया कि फाइनल मुकाबला झुंझुनूं व नवलगढ़ के बीच खेला गया। झुंझुनू ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए नवलगढ़ की टीम ने निर्धारित 12 ओवरों में 163 रन बनाए। नवलगढ़ की ओर से अकरम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 104 रन की शतकीय पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी झुंझुनूं की टीम ने ओपनर करण सिंह शेखावत की 97 रन की पारी की बदौलत मात्र 10.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और प्रतियोगिता का खिताब जीत लिया। फाइनल मुकाबले में कर्ण सिंह शेखावत को मैन ऑफ द मैच चुना गया। प्रतियोगिता में गाड़ाखेड़ा टीम के खिलाड़ी राहुल सैनी को मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार प्रदान किया गया। बेस्ट बल्लेबाज का पुरस्कार कर्ण सिंह शेखावत तथा बेस्ट गेंदबाज का पुरस्कार अल्ताफ कचेवा को दिया गया। मैन ऑफ द सीरीज विजेता राहुल सैनी को मोटरसाइकिल भेंट की गई। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को दो लाख बाईस हजार दो सौ बाईस रूपये , उपविजेता को एक लाख ग्यारह हजार एक सौ ग्यारह रूपये , तृतीय को पचपन हजार पांच सौ पचपन रूपये तथा चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाली टीम को तैंतीस हजार तीन सौ तैंतीस रूपये का नकद पुरस्कार व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया । प्रतियोगिता में अंपायर की भूमिका सोनू गढ़वाल, देवी सिंह कोदेसर एवं विक्की गोस्वामी ने निभाई। कमेंट्री राजेश चौधरी एवं भूपेंद्र पायल ने की। लाइटिंग व्यवस्था हरीश गजराज के निर्देशन में की गई। इस पर मोनू भास्कर,विजय भास्कर,घनश्याम भास्कर, अजीत सिंह राजपूत, दीपक भास्कर, सचिन सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।