दुपट्टे-चुन्नी उतरवाकर मिली परीक्षा केंद्र में एंट्री, कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुई पीटीईटी परीक्षा

9 केंद्रों पर 4337 अभ्यर्थी रहे पंजीकृत, बायोमेट्रिक जांच और पहचान सत्यापन के बाद मिला प्रवेश

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
राजस्थान के बीएड कॉलेजों में प्रवेश के लिए आयोजित प्री-टीचर एजुकेशन टेस्ट (पीटीईटी )-2026 रविवार को झुंझुनूं जिले में कड़े सुरक्षा प्रबंधों और सख्त निगरानी के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई । जिले में बनाए गए 9 परीक्षा केंद्रों पर कुल 4337 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। परीक्षा सुबह 9 बजे शुरू होकर दोपहर 12 बजे तक चली। नकल और फर्जीवाड़े पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन, दस्तावेजों की जांच और सघन तलाशी अभियान चलाया गया।।परीक्षा के जिला समन्वयक एवं मोरारका पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र सिंह न्यौला ने बताया कि सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश देने से पहले बायोमेट्रिक जांच कराई गई। इसके साथ ही एडमिट कार्ड और फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र का मिलान किया गया। आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र सहित अन्य मान्य दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही परीक्षार्थियों को केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी गई।

महिला अभ्यर्थियों की विशेष जांच, दुपट्टे-चुन्नी उतरवाकर हुई चेकिंग

सुरक्षा मानकों के तहत महिला अभ्यर्थियों की भी विशेष जांच की गई । कई परीक्षा केंद्रों पर महिला परीक्षार्थियों के दुपट्टे और चुन्नी उतरवाकर जांच की गई ताकि किसी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस या अन्य आपत्तिजनक सामग्री परीक्षा कक्ष तक न पहुंच सके। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। सभी अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का भी गहन सत्यापन किया गया।परीक्षा शुरू होने से काफी पहले ही अभ्यर्थी अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने लगे थे। केंद्रों के बाहर सुबह से ही परीक्षार्थियों और उनके परिजनों की चहल-पहल देखने को मिली। गर्मी के बावजूद अभ्यर्थियों में परीक्षा को लेकर उत्साह बना रहा।

नकल रोकने के लिए पुलिस बल और उड़नदस्ते रहे सक्रिय

परीक्षा को नकल विहीन और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था । इसके अलावा प्रशासन द्वारा गठित विशेष उड़नदस्ते लगातार विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा करते रहे और व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। अधिकारियों ने परीक्षा प्रक्रिया पर लगातार नजर बनाए रखी।

शांतिपूर्ण और पारदर्शी माहौल में संपन्न हुई परीक्षा

सुबह 9 बजे शुरू हुई पीटीईटी परीक्षा निर्धारित समयानुसार दोपहर 12 बजे समाप्त हुई। समय पूरा होने के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों से बाहर निकलने की अनुमति दी गई। प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन पर संतोष व्यक्त करते हुए बताया कि जिले में परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, सुरक्षित और पारदर्शी माहौल में संपन्न हुई।