बुहाना । झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
झुंझुनूं पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे हत्या के एक सजायाफ्ता अपराधी को पकड़ने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस थाना बुहाना की टीम ने हत्या के मामले में सजा काट रहे और वर्ष 2017 में पैरोल अवकाश के दौरान फरार हुए 15 हजार रुपये के ईनामी अपराधी को दस्तयाब कर लिया। आरोपी पिछले करीब आठ वर्षों से कानून की गिरफ्त से दूर था।पुलिस अधीक्षक झुंझुनूं कावेंद्र सिंह सागर के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस थाना बुहाना की थानाधिकारी बिमला बुडानियां के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर सूचना और तकनीकी संसाधनों की सहायता से आरोपी को दस्तयाब किया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी प्रदीप सिंह उर्फ दीपू उर्फ लगड़िया (38) पुत्र बहादुर सिंह निवासी वार्ड संख्या 17, कस्बा बुहाना है। आरोपी हत्या के प्रकरण में सजायाफ्ता था और वर्ष 2017 में पैरोल पर रिहा होने के बाद फरार हो गया था। उसके खिलाफ पुलिस थाना बीछवाल, जिला बीकानेर में राजस्थान बंदी अधिनियम के तहत दर्ज प्रकरण में कार्रवाई चल रही थी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, पीसीएनडीटी एक्ट प्रकरण, बीकानेर द्वारा स्थायी गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया गया था। लंबे समय से फरार रहने के कारण उस पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस टीम ने लगातार निगरानी, खुफिया सूचना तंत्र और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी का पता लगाया और उसे दस्तयाब करने में सफलता प्राप्त की। कार्रवाई के बाद आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस थाना बीछवाल, जिला बीकानेर को सुपुर्द कर दिया गया।
साइबर सेल की सूचना बनी सफलता की कुंजी
इस कार्रवाई में जिला साइबर सेल के हेड कांस्टेबल जितेन्द्र थाकन की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। तकनीकी इनपुट और सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।कार्रवाई में बिमला बुडानियां, पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी, बुहाना , जितेन्द्र थाकन, हेड कांस्टेबल, साइबर सेल झुंझुनूं , बुलेश, हेड कांस्टेबल, डीएसटी टीम झुंझुनूं , अमित मोटसरा, कांस्टेबल, डीएसटी टीम झुंझुनूं शामिल रहें I
पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है। लंबे समय से फरार अपराधी की गिरफ्तारी से पुलिस ने कानून से बचने की कोशिश कर रहे अपराधियों को सख्त संदेश दिया है।










