मुकुंदगढ़ । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
जिले में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मुकुंदगढ़ पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्थायी वारंटी रामनिवास को दस्तयाब कर आगे की कार्रवाई के लिए गुढ़ागौड़जी पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर के निर्देशानुसार यह कार्रवाई की गई। वहीं, वृत्ताधिकारी नवलगढ़ मुकेश कुमार जोशी के सुपरविजन में मुकुंदगढ़ थाना प्रभारी ताराचंद उप निरीक्षक के नेतृत्व में गठित टीम ने वारंटी को पकड़ने में सफलता हासिल की।.पुलिस के अनुसार गिरफ्तार स्थायी वारंटी रामनिवास पुत्र बालूराम (50 वर्ष), निवासी पबाना, थाना मुकुंदगढ़ लंबे समय से वांछित चल रहा था। उसे दस्तयाब कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गुढ़ागौड़जी थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी ताराचंद के नेतृत्व में एएसआई सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल जितेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल नवाब खां, कांस्टेबल शिवप्रसाद तथा कांस्टेबल कन्हैयालाल की विशेष भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून से बचने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।











